अहमदाबाद के मेघाणीनगर में सड़क किनारे चाय की टपरी चलाने वाली महिला का बेटा भी प्लेन क्रैश की चपेट में आ गया. महिला का 16 साल का बेटा टपरी पर सो रहा था. वहीं महिला चाय बना रही थी. उसी दौरान अचानक विमान हादसे का शिकार हो गया. विमान गिरा तो धमाके के साथ आग लग गई. आग ने बेटे की जान ले ली और मां को बुरी तरह झुलसा दिया. महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार, यह हादसा मेघाणीनगर इलाके में हुआ. यहां सीताबेन नाम की महिला एक चाय की टपरी चलाती है. सीताबेन का बेटा 16 वर्षीय आकाश भी चाय की टपरी पर था. दोपहर का समय था, ग्राहक कम थे, इसलिए आकाश वहीं पर चाय की टपरी के पास ही लेट गया और सो गया, उसी दौरान एअर इंडिया का विमान अचानक हादसे का शिकार हो गया और जोरदार धमाके के साथ इलाके में आ गिरा. विमान के गिरने के साथ ही आग लग गई.
धमाका इतना तेज था कि आसपास की दुकानों और टपरियों में आग फैल गई. चाय की टपरी पर धमाके की चपेट में 16 साल का आकाश आ गया, जो उस वक्त सो रहा था. आग लगने से वह बुरी तरह से जल गया. उसकी मां सीताबेन ने देखा तो तुरंत अपने बेटे को बचाने की कोशिश की, लेकिन आग की लपटों ने उन्हें भी चपेट में ले लिया.
इस घटना की जानकारी मिलते ही सीताबेन के परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए. सीताबेन और आकाश दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने आकाश को मृत घोषित कर दिया. वहीं आकाश की मां सीताबेन की हालत गंभीर है, अस्पताल में उनका इलाज जारी है. आकाश की चाची काजल ने बताया कि 16 साल का आकाश आग में जल गया था, जिसमें उसकी जान चली गई. प्लेन क्रैश में उसकी मौत ने पूरे परिवार को तोड़ दिया है. इलाके में शोक और सन्नाटा पसरा है.

