फरीदाबाद. फरीदाबाद के डी-मार्ट मॉल में डीजे डांस फ्लोर पर नाचते हुए एक युवक अचानक फर्श पर गिरकर अचेत हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक के परिजनों ने हत्या का अंदेशा जताया है। हालांकि, फिलहाल मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है। इस घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात फरीदाबाद के डी-मार्ट मॉल में डीजे पर नाचते हुए एक युवक डांस फ्लोर पर ही मौत हो गई। यह पूरी घटना मॉल में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसकी फुटेज भी सामने आ गई है। मृतक युवक की पहचान 25 वर्षीय देवकीनंदन के रूप में हुई है। वह मूलरूप से मथुरा के माट रहने वाला था और वर्तमान में फरीदाबाद के मुजेड़ी में किराये पर रहता था। वह यहां डी-मार्ट शाॅपिंग माॅल में काम करता था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि युवक की शादी नहीं हुई थी।
सीसीटीवी वीडियो में वह युवक रविवार रात अपने एक साथी के साथ मॉल के अंदर डीजे पर डांस कर रहा था। नाचने के दौरान अचानक ही वह फर्श पर गिर पड़ा था। युवक के परिजनों ने हत्या का अंदेशा जताया है। उधर, पुलिस का कहना है कि युवक की मौत की वजह हार्ट अटैक भी हो सकती है। मंगलवार को डॉक्टरों के बोर्ड से बीके अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने से मौत की वजह का पता चल सकेगा। पुलिस को शुरुआती जांच में पता चला है कि मृतक युवक देवकीनंदन सेक्टर-79 स्थित डी-मार्ट में क्रिसमस के मौके पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारी कर रहा था।

