बलौदाबाजार। शेयर ट्रेडिंग में निवेश कर 02 वर्ष में रकम का दुगना कर वापस करने का झांसा देते हुए आरोपी रामनारायण साहू एवं अन्य द्वारा विभिन्न लोगों से करोड़ रूपयों की धोखाधड़ी की घटना को अंजाम दिया गया है, जिस पर थाना कसडोल में आरोपियों के विरुद्ध अब तक 04 तथा थाना गिधौरी में 01 अपराधिक प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपियों द्वारा कसडोल, लवन, गिधौरी, शिवरीनारायण, महासमुंद, रायगढ़ आदि के भी कई लोगो के साथ भी शेयर ट्रेडिंग में पैसे लगाकर कम समय मे पैसा दुगुना करने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने के संबंध में जानकारी मिल रही है, जिसके संबंध में जांच तस्दीक कार्यवाही की जा रही है। प्रकरणों में पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता द्वारा गहन जांच तस्दीक एवं विवेचना करते हुए ठगी करने वाले सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने हेतु निर्देशित करते हुए प्रकरण में संपूर्ण जांच, पीड़ितों से आवेदन लेने, आरोपियों की पता तलाश करने, संबंधित आरोपियों की संपत्ति जप्ती/कुर्की की कार्यवाही करने एवं उच्चतम विवेचना हेतु एक विशेष अनुसंधान टीम का गठन किया गया है।
अनुसंधान टीम द्वारा प्रकरण में जांच एवं विवेचना कार्यवाही करते हुए तथा परिस्थितिजन्य एवं जांच में मिले महत्वपूर्ण साक्ष्यों के आधार पर आरोपी चंद्रप्रकाश साहू को हिरासत में लिया गया। आरोपी चंद्रप्रकाश साहू से विस्तृत पूछताछ किया गया, जिसमें आरोपी द्वारा पूर्व में गिरफ्तार आरोपी रामनारायण साहू एवं अन्य के साथ मिलकर शेयर ट्रेडिंग के नाम पर कई लोगों से करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी करना स्वीकार किया गया। आरोपियों के बैंक अकाउंट, संपत्ति आदि की जानकारी एकत्र की जा रही है तथा साइबर सेल की टीम द्वारा प्रकरण के समस्त बिंदुओं का अवलोकन कर तकनीकी विश्लेषण भी किया जा रहा है। कि प्रकरण में आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है। प्रकरण में पुलिस द्वारा अब तक थाना कसडोल में 04 तथा थाना गिधौरी में 01 अपराधिक प्रकरण दर्ज करने के साथ ही आरोपी रामनारायण साहू सहित 11 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। प्रकरण विवेचना में है।
आरोपी- चंद्रप्रकाश साहू उम्र 34 वर्ष निवासी ग्राम भूषणीपाली (वीरनारायणपुर) चौकी सोनाखान थाना कसडोल

