समय-सीमा बैठक में अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश
बालोद, 02 दिसम्बर 2025।
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी योजना राज्य शासन की प्राथमिकता वाली और किसानों के हितों से जुड़ी सबसे महत्वपूर्ण योजनाओं में से एक है। उन्होंने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि धान खरीदी केंद्रों में धान बेचने आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
कर्मचारियों की अनिवार्य उपस्थिति के निर्देश
साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने कहा कि जिन अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी धान खरीदी केंद्रों में लगाई गई है, वे समय पर उपस्थित होकर खरीदी कार्य को सुचारू रूप से संचालित कराएं। सभी नोडल अधिकारियों को प्रतिदिन सुबह 8 बजे अपने प्रभार वाले केंद्रों में उपस्थिति सुनिश्चित कर संपूर्ण व्यवस्था की निगरानी करने को कहा गया।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, नूतन कंवर सहित जिले के राजस्व अधिकारी उपस्थित रहे।
आफलाइन टोकन और सख्त मॉनिटरिंग के निर्देश
कलेक्टर ने राज्य शासन के निर्देशानुसार किसानों के लिए धान बिक्री हेतु ऑफलाइन टोकन जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि धान खरीदी कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिस नोडल अधिकारी का गेट पास कम जारी होगा, उसके विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जारी किए गए पास का समय पर एंट्री कराने के निर्देश भी दिए गए।
चेकलिस्ट आधारित जांच और पोर्टल समीक्षा
कलेक्टर ने नोडल अधिकारियों को चेकलिस्ट के आधार पर धान खरीदी केंद्रों की संपूर्ण व्यवस्था का परीक्षण कर सुचारू संचालन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में एग्रीस्टेक पोर्टल में किसान पंजीयन और विशेष गहन पुनरीक्षण की समीक्षा भी की गई।
लंबित प्रकरणों, जीएसटी रिटर्न और आगामी आयोजनों की समीक्षा
कलेक्टर ने विभागवार लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर निर्धारित समय सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विभागवार जीएसटी रिटर्न की स्थिति, युवा खेल महोत्सव तथा ग्राम दुधली में आयोजित होने वाली नेशनल रोवर रेंजर जंबूरी की तैयारियों की भी समीक्षा की।
अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक को युवा खेल महोत्सव और जिला शिक्षा अधिकारी को जंबूरी के सफल आयोजन हेतु विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
जल संरक्षण और फसल विविधीकरण पर जोर
कलेक्टर ने अटल मॉनिटरिंग पोर्टल में प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की और जिले में संरक्षण उपायों को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कृषि एवं जल संसाधन विभाग सहित सभी संबंधित अधिकारियों को फील्ड दौरा कर किसानों को ग्रीष्मकालीन धान के स्थान पर वैकल्पिक फसलों की ओर प्रोत्साहित करने के निर्देश भी दिए।

