भिलाई। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को गिरफ्तार कर लिया है। कथित शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में छापेमारी के बाद चैतन्य को गिरफ्तार कर लिया गया। संयोग से आज ही चैतन्य का जन्मदिन भी है। बताया जा रहा है कि नए सबूत मिलने के बाद ईडी ने धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत दुर्ग जिले के भिलाई शहर में स्थित भूपेश बघेल के आवास पर छापेमारी की थी। यह पिता-पुत्र का साझा आवास है।
बघेल के आवास के बाहर भारी संख्या में पुलिसकर्मी और समर्थकों का जमावड़ा था। दोपहर में ईडी की टीम चैतन्य को अपने साथ ले गई। कांग्रेस समर्थकों ने ईडी की टीम के सामने काफी नारेबाजी की और गाड़ी को रोकने का प्रयास किया। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद ईडी की गाड़ियों के लिए रास्ता बनाया। केंद्रीय जांच एजेंसी ने 10 मार्च को भी चैतन्य बघेल के खिलाफ इसी तरह की छापेमारी की थी।
भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य को ED ने किया गिरफ्तार

