ईरान युद्ध के बीच यूएई में भी उड़ानें बुरी तरह प्रभावित हैं। बड़ी संख्या में भारतीय भी यहां फंसे हुए हैं। इसी बीच ड्रोन अटैक को देखते हुए यूएई ने विमान सेवाएं निलंबित करने का फैसला किया है। गलत रिपोर्ट फैलाने के आरोप में 19 भारतीयों को हिरासत में लिया गया है।
ईरान और अमेरिका-इजरायल के युद्ध के बीच यूएई में भी बड़ा संकट खड़ा हो गया है। ईरान लगातार दुबई समेत यूएई के कई शहरों को निशाना बना रहा है। इसे देखते हुए दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार को ड्रोन हमले के बाद उड़ानें अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गईं। अधिकारियों ने हवाई अड्डे के पास आग लगने की घटना के बाद एहतियाती सुरक्षा उपाय के रूप में परिचालन रोक दिया। वहीं क्षेत्रीय तनाव के बीच सोशल मीडिया पर भ्रामक और मनगढ़ंत वीडियो क्लिप साझा करने के आरोप में 19 भारतीय नागरिकों समेत 35 लोगों की गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं। यूएई की आधिकारिक समाचार एजेंसी ‘अमीरात समाचार एजेंसी’ (डब्ल्यूएएम) द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, आरोपियों को त्वरित सुनवाई के लिए अदालत में पेश किया जाएगा। ताजा सूची में विभिन्न देशों के 25 लोग शामिल हैं, जिनमें 17 भारतीय हैं। यह सूची शनिवार को नामित किए गए 10 लोगों से अलग है, जिनमें दो भारतीय भी शामिल थे और जिनकी गिरफ्तारी का आदेश पहले ही दिया जा चुका है।

