टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस के दो डिब्बों में भीषण आग

आंध्र प्रदेश में यालामंचिली के पास टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस के दो डिब्बों में आग लग जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि सोमवार तड़के आंध्र प्रदेश के अनाकापल्ली जिले में टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस के दो डिब्बों में आग लगने से एक यात्री की मौत हो गई। यह घटना रात करीब 1 बजे एलमंचिली रेलवे स्टेशन के पास हुई, जब लोको पायलट ने एक डिब्बे में आग की लपटें देखीं और तुरंत ट्रेन रोक दी। ज़्यादातर यात्रियों को तेज़ी से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन बाद में एक जले हुए डिब्बे से एक शव बरामद किया गया।
अधिकारी ने संवाददाताओं से कहा कि प्रभावित डिब्बों में से एक में 82 और दूसरे में 76 यात्री सवार थे। उन्होंने कहा, ‘‘दुर्भाग्य से, बी-1 कोच में एक व्यक्ति मृत मिला।’’ मृतक की पहचान चंद्रशेखर सुंदरम के रूप में की गई है। अधिकारी ने बताया कि क्षतिग्रस्त दोनों डिब्बों को ट्रेन से अलग कर दिया गया, जिसके बाद ट्रेन एर्नाकुलम की ओर रवाना हो गई। प्रभावित डिब्बों के यात्रियों को उनके गंतव्यों तक भेजने की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए दो फोरेंसिक टीम जांच कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *