वार्डवासियों को मिलेगी बेहतर सड़क सुविधा
दुर्ग।.नगर पालिक निगम सीमा क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 48 पुलिस लाइन में प्रगति पर चल रहे सड़क डामरीकरण निर्माण कार्य का आज महापौर अलका बाघमार ने मौके पर पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ वार्ड प्रभारी देव नारायण चंद्रकार भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, मोटाई एवं निर्धारित मापदंडों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता सर्वोपरि है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रभारी ने स्वयं टेप से किया माप, पारदर्शिता और जवाबदेही का संदेश
महापौर की मौजूदगी में वार्ड प्रभारी देव नारायण चंद्रकार ने स्वयं टेप लेकर सड़क निर्माण कार्य की नापजोख की। सड़क की चौड़ाई एवं डामर की परत की मोटाई का मौके पर परीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया गया।
यह कदम पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अधिकारियों एवं ठेकेदार को निर्देशित किया गया कि कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप ही पूर्ण किया जाए।इस दौरान एमआईसी सदस्य नीलेश अग्रवाल,लोकेश्वरी ठाकुर,ललिता ठाकुर,उप अभिंयता करण यादव मौजूद रहें।
अधिकारियों व ठेकेदार को सख्त निर्देश:
गुणवत्ता में कमी मिली तो होगी कार्रवाई,महापौर अलका बाघमार ने अधिकारियों एवं संबंधित ठेकेदार को स्पष्ट शब्दों में निर्देश दिए कि सड़क डामरीकरण कार्य मजबूती और टिकाऊ गुणवत्ता के साथ किया जाए, ताकि आम नागरिकों को लंबे समय तक बेहतर सुविधा मिल सके।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री या मानक से कम मोटाई पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कार्य पूर्ण होने तक नियमित मॉनिटरिंग जारी रखने के निर्देश भी दिए गए।
वार्डवासियों को मिलेगी बेहतर सड़क सुविधा
सड़क डामरीकरण कार्य पूर्ण होने के बाद वार्ड क्रमांक 48 पुलिस लाइन क्षेत्र के निवासियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। लंबे समय से खराब सड़क की समस्या से जूझ रहे नागरिकों को अब बेहतर एवं सुरक्षित मार्ग उपलब्ध होगा।
नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में चरणबद्ध रूप से अधोसंरचना विकास कार्य कराए जा रहे हैं, जिससे दुर्ग शहर को व्यवस्थित और आधुनिक स्वरूप प्रदान किया जा सके

