आधा दर्जन वार्डों के नागरिकों से की मुलाकात, सड़क, नाली, विद्युतीकरण सहित विभिन्न निर्माण कार्यों को मिलेगी गति*
रिसाली। दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने शुक्रवार शाम रिसाली नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में 3 करोड़ 45 लाख 35 हजार रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर नारियल फोड़ा और क्षेत्रवासियों को विकास कार्यों की सौगात मिलने पर बधाई दी। कार्यक्रम में संबंधित वार्डों के पार्षद एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार नगरीय क्षेत्रों के विकास और नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। हाल ही में मुख्यमंत्री ने रिसाली नगर निगम क्षेत्र को 134 करोड़ रुपये की लागत से जल शोधन संयंत्र (फिल्टर प्लांट) की स्थापना की बड़ी सौगात दी है। इससे आने वाले समय में शहर की पेयजल व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इसके अलावा शहर को रोशन करने के लिए 2 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। जोरातराई और नेवई मुक्तिधाम के जीर्णोद्धार की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।
विधायक ने बताया कि शुक्रवार को वार्ड क्रमांक 1 तालपुरी, वार्ड क्रमांक 2 रूआबांधा उत्तर, वार्ड क्रमांक 3 रूआबांधा दक्षिण, वार्ड क्रमांक 5 एचएससीएल कॉलोनी और वार्ड क्रमांक 6 रूआबांधा सेक्टर में विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया है। इन कार्यों में वार्ड क्रमांक 1 का बहुप्रतीक्षित एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) भी शामिल है। इसके साथ ही विभिन्न वार्डों में पेवर ब्लॉक लगाने, विद्युतीकरण, सीसी रोड, नाली निर्माण, बैडमिंटन कोर्ट, चबूतरा निर्माण और डोम शेड सहित नागरिक सुविधाओं से जुड़े अनेक कार्य कराए जाएंगे।
विधायक ने कहा कि विकास कार्यों का उद्देश्य वार्डों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना और नागरिकों की जरूरतों को प्राथमिकता देना है। इस दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों के नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और आवश्यकताएं भी जानीं।
कार्यक्रम में पार्षद सविता ढवस, सारिका साहू, माया यादव, शीला नारखेड़े सहित मंडल अध्यक्ष राजू जंघेल एवं अनुपम साहू उपस्थित थे।

