निर्माण में देरी, पेड़ों की कटाई और यातायात अव्यवस्था से जनता परेशान; ब्रिज कॉरपोरेशन कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन
समस्याओं के निराकरण के लिए 7 दिन का अल्टीमेटम, मांगें पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी
रायपुर,राजधानी रायपुर में निर्माणाधीन स्काईवॉक शहर की आवश्यकता और जनहित के बजाय भाजपा नेताओं की जिद तथा सरकार की अदूरदर्शिता का प्रतीक बनता जा रहा है। लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हो रही इस परियोजना की उपयोगिता पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। शहर कांग्रेस का कहना है कि यह स्काईवॉक रायपुर के लिए सफेद हाथी साबित हो रहा है, जिस पर जनता की गाढ़ी कमाई खर्च की जा रही है, जबकि शहर की बुनियादी समस्याओं की अनदेखी की जा रही है।
स्काईवॉक निर्माण के नाम पर पेड़ों की कटाई से पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है। वहीं, निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा से काफी पीछे चल रहा है। इसके अतिरिक्त, तेलघानी नाका ओवरब्रिज एवं खमतराई रेलवे अंडरब्रिज के आसपास मरम्मत कार्य के चलते स्ट्रीट लाइट और यातायात व्यवस्था प्रभावित होने से आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शहर के अनेक ओवरब्रिज अंधेरे में डूबे हुए हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है।
शहर कांग्रेस ने कहा कि भाजपा नेताओं की जिद और सरकार की लापरवाही के कारण यह परियोजना शहर के लिए अभिशाप बनती जा रही है। कांग्रेस विकास कार्यों के विरोध में नहीं है, लेकिन विकास के नाम पर पर्यावरण की क्षति, यातायात की अव्यवस्था और नागरिक सुविधाओं की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जा सकती।
इन्हीं जनसमस्याओं को लेकर आज दोपहर 12:30 बजे शहर जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर द्वारा काली मंदिर के निकट स्थित पीडब्ल्यूडी मुख्यालय में ब्रिज कॉरपोरेशन कार्यालय के समक्ष विरोध प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसजनों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों के समक्ष शहर की प्रमुख समस्याओं को उठाते हुए उनके शीघ्र निराकरण की मांग की। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को 7 दिन का स्पष्ट अल्टीमेटम देते हुए कहा कि इस अवधि में सभी समस्याओं का संतोषजनक समाधान किया जाए तथा की गई कार्रवाई की जानकारी दी जाए।
कांग्रेस ने प्रमुख रूप से मांग की कि तेलघानी नाका एवं खमतराई क्षेत्र के ओवरब्रिज और रेलवे अंडरब्रिज के आसपास बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल प्रारंभ किया जाए, स्काईवॉक निर्माण के दौरान काटे गए पेड़ों के संबंध में स्पष्ट जानकारी दी जाए तथा उनके स्थान पर नियमानुसार नए पौधों का रोपण सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही सड़क चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्यों के कारण आम नागरिकों को हो रही असुविधा का तत्काल निराकरण किया जाए और निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
शहर कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि 7 दिन के भीतर इन मांगों पर संतोषजनक कार्रवाई नहीं होती है, तो कांग्रेसजन पुनः संबंधित विभाग के कार्यालय पहुंचकर धरना-प्रदर्शन करेंगे। आवश्यकता पड़ने पर यह धरना अनिश्चितकालीन भी किया जाएगा। शहर कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि जनहित, पर्यावरण संरक्षण और नागरिकों की सुविधाओं के लिए यह संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
प्रदर्शन में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे: शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री कुमार शंकर मेनन, पूर्व विधायक श्री कुलदीप जुनेजा, श्री विकास उपाध्याय, श्री आकाश शर्मा, श्री सुशांत डे, हीरेंद्र देवांगन श्री संदीप शर्मा, श्री दीपक चौबे, संजय अवस्थी श्री सत्तु सिंह, श्री राजेश पाल, श्री अनिल बरगे, श्री मिलिंद गौतम, श्री देव कुमार साहू, श्री विजय टंडन, सागर टांडी सुरेश धीवर, श्री सुरेश जैन, श्री सौमित्र शुक्ला, श्री आकाश दीवान, श्री अमित भारद्वाज, श्री भारत यादव, श्री फिरोज चिश्ती, श्री प्रवीण चंद्राकर, श्री वेंकट कुमार भारत यादव प्यारेलाल गायकवाड़ सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

