खड़े ट्रक में घुसी क्रूजर गाड़ी, एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत

राजस्थान के कोटा से इस वक्त की बड़ी और बेहद दुखद खबर सामने आ रही है। कोटा-उदयपुर हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसे में 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा शंभूपुरा के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार क्रूजर गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। क्रूजर में सवार सभी लोग एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू करवाया।

उधर, राजस्थान के फलोदी जिले में मंडला कला के पास श्रद्धालुओं को ले जा रही एक टेम्पो ट्रैवलर के एक कार से टकरा जाने के कारण 3 तीर्थयात्रियों की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए। यह हादसा शनिवार शाम को हुआ जब गुजरात के रहने वाले ये तीर्थयात्री रामदेवरा में एक धार्मिक स्थल के दर्शन करके लौट रहे थे। घायलों को सबसे पहले देचू उप-जिला अस्पताल और मंडला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत वाले लोगों को जोधपुर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, कोटा-उदयपुर हाईवे पर क्रूजर गाड़ी में सवार सभी लोग महाराष्ट्र के निवासी थे और खाटू श्याम जी का दर्शन करके वापस लौट रहे थे। इसी दौरान कोटा-उदयपुर हाईवे पर शंभूपुरा के पास उनकी गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि क्रूजर गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे में 9 लोगों की मौके पर ही मौत होने की जानकारी सामने आई है, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। हादसे की सबसे दर्दनाक बात यह है कि जान गंवाने वाले सभी लोग एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *