राष्ट्रपति मार्कोस ने दिया विशेष भोज, बैटरी चालित ऑटो रिक्शा की सवारी कर पहुंचे आयोजन स्थल
मनीला। फिलीपींस की यात्रा पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पारंपरिक अंदाज चर्चा का विषय बना रहा। राष्ट्रपति फर्डिनेंड रोमुआल्डेज मार्कोस जूनियर ने उनके सम्मान में विशेष रात्रिभोज का आयोजन किया। इसमें प्रधानमंत्री मोदी फिलीपींस की पारंपरिक पुरुष औपचारिक पोशाक ‘बारोंग तागालोग’ पहनकर शामिल हुए। उन्होंने रात्रिभोज स्थल तक पहुंचने के लिए विशेष रूप से तैयार बैटरी चालित ऑटो रिक्शा की सवारी भी की।
राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर और फर्स्ट लेडी लुईस अरनेटा-मार्कोस ने आयोजन स्थल पर प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। मोदी दो दिवसीय दौरे पर फिलीपींस पहुंचे हैं। वे यहां 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। वर्ष 2026 के लिए आसियान अध्यक्ष होने के नाते फिलीपींस इन सम्मेलनों की मेजबानी कर रहा है।
मनीला में भारतीय समुदाय ने किया स्वागत
मनीला पहुंचने पर भारतीय समुदाय के लोगों ने प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत किया। मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर आभार जताते हुए कहा कि भारतीय मूल के लोग अपनी संस्कृति और परंपराओं को संजोने के साथ भारत और फिलीपींस के संबंधों को मजबूत बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
इस दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में दोनों देशों के गहरे संबंधों की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में ‘अगुसान की गोल्डन तारा’ और 9वीं-10वीं सदी के ऐतिहासिक ‘लगुना कॉपरप्लेट शिलालेख’ की प्रतिकृतियां प्रदर्शित की गईं। दोनों देशों के बच्चों ने पूर्ण कुंभ श्लोक का पाठ किया। इसके बाद बॉलीवुड और भांगड़ा की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।
आसियान के साथ साझेदारी होगी मजबूत
विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री की यह यात्रा भारत की ‘एक्ट ईस्ट नीति’ और हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति भारत के दृष्टिकोण के तहत आसियान के साथ साझेदारी को और मजबूत करेगी। आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में व्यापक रणनीतिक साझेदारी की प्रगति और 2026-2030 की कार्ययोजना की समीक्षा होगी। साथ ही भविष्य में सहयोग की प्राथमिकताओं पर चर्चा की जाएगी।
पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के मुद्दों पर विचार-विमर्श होगा। इसमें शांति, स्थिरता, क्षेत्रीय सहयोग और साझा चुनौतियों पर चर्चा की जाएगी। भारत और आसियान वर्ष 2026 को समुद्री सहयोग वर्ष के रूप में मना रहे हैं। वर्ष 2027 में दोनों के संवाद संबंधों के 35 वर्ष पूरे होंगे।

