श्रीनगर,16नवंबर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सेना के हाथ बड़ी सफलता लगी है। सुरक्षाबलों ने सोमवार को मुठभेड़ के दौरान कुलगाम हमले के मास्टरमाइंड लतीफ भट्ट को मार गिराया। इसके अलावा 2 और आतंकवादी ढेर किए गए हैं। कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों ने रविवार को मीर बाजार के पास घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया। यह अभियान संयुक्त सुरक्षा बलों की ओर से चलाया जा रहा है। सुरक्षाबल इलाके में उन हमलावरों की तलाश में थे, जिन्होंने 11 नवंबर को सीआरपीएफ के जवानों पर गोलीबारी की थी। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। ऑपरेशन की निगरानी के लिए जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (DGP) नलिन प्रभात और कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक (IGP) सुजीत कुमार भी मौके पर मौजूद रहे। दरअसल, 11 नवंबर को कुलगाम जिले में नाके पर तैनात सीआरपीएफ के जवानों पर बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी की थी। यह घटना दोपहर करीब 2:15 बजे हुई थी। हमले में CRPF के तीन जवान घायल हो गए थे। गोलीबारी के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सीआरपीएफ ने बयान जारी कर बताया था कि घटना के बाद आरोपियों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही घायल जवानों को बेहतर से बेहतर इलाज मुहैया कराया जा रहा है।
कुलगाम हमले का मास्टरमाइंड लतीफ भट्ट समेत 2 आतंकी ढेर

