ढाई हजार लोगों के भोजन और पेयजल की व्यवस्था में नहीं हुआ सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल
रायपुर, 15 नवंबर। राजधानी रायपुर में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा राज्य शहरी विकास अभिकरण (सूडा) द्वारा आयोजित पीएम स्वनिधि महोत्सव में पर्यावरण संरक्षण की पहल देखने को मिली। करीब 2,500 लोगों की भागीदारी, बीसियों फूड स्टॉलों और व्यापक खानपान व्यवस्था के बावजूद पूरे आयोजन में सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं किया गया। भोजन परोसने के लिए बांस की प्लेटें और लकड़ी के चम्मच उपयोग किए गए, जबकि पेयजल के लिए प्लास्टिक की बोतलों और पाउच के स्थान पर वैकल्पिक व्यवस्था की गई।
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित महोत्सव में प्रदेश के लगभग 2,500 पथ विक्रेताओं और उनके परिजनों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य पथ विक्रेताओं की उद्यमशीलता का सम्मान करने के साथ उन्हें आर्थिक एवं डिजिटल रूप से सशक्त बनाना और शहरी अर्थव्यवस्था में उनके योगदान को रेखांकित करना था।
खानपान में अपनाए पर्यावरण अनुकूल विकल्प
आयोजन में प्लास्टिक की डिस्पोजेबल प्लेटों और चम्मचों के बजाय बांस की थालियों तथा लकड़ी के चम्मचों का उपयोग किया गया। प्लास्टिक के कप और गिलास भी इस्तेमाल नहीं किए गए। करीब 2,500 लोगों के भोजन के लिए टेबल और बेंच की व्यवस्था की गई। भोजन बांस की थालियों में और पानी कागज के गिलास में परोसा गया। जरूरत के अनुसार जैव निम्नीकरणीय और कम्पोस्ट योग्य सामग्री को प्राथमिकता दी गई।
कचरे का भी किया गया पृथक संग्रहण
कार्यक्रम स्थल की सजावट और सूचना पट्टों में दोबारा इस्तेमाल की जा सकने वाली सामग्री अपनाई गई। साथ ही गीले, सूखे और अन्य अपशिष्ट को अलग-अलग संग्रहित करने की व्यवस्था की गई। आयोजन के बाद कचरे के उचित संग्रहण और निस्तारण के इंतजाम किए गए। अपशिष्ट कम करने के साथ पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण को भी प्राथमिकता दी गई।
महोत्सव में अपनाई गई व्यवस्थाओं से यह उदाहरण सामने आया कि बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी वाले सार्वजनिक आयोजन भी सिंगल यूज प्लास्टिक के बिना संपन्न किए जा सकते हैं। इस पहल के जरिए पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

