भारतवंशी पिया डांडिया ने तो गजब कर दिया, अमेरिका में मुश्किल सीट पर जीत दर्ज की

अमेरिका में मिड टर्म या मध्यावधि चुनाव के नतीजों का ऐलान हो रहा है। इसी बीच खबर है कि भारतवंशी पिया डांडिया ने डेमोक्रेटिक उम्मीदवार के तौर पर चुनाव में जीत दर्ज कर ली है। उन्होंने प्रतिनिधि सभा के लिए हुए चुनाव में रिपब्लिकन नेता कैसी अस्कर को हराया है। खास बात है कि डांडिया पेशे से स्कूल प्रिंसिपल रह चुकीं हैं। उन्होंने फ्लोरिडा डिस्ट्रिक्ट 22 से जीत दर्ज की है।

भारतीय समयानुसार बुधवार को घोषित हो रहे नतीजों के अनुसार, पिया डांडिया को 51.9 फीसदी या 1 लाख 51 हजार 926 वोट मिले थे। जबकि, उनके सामने चुनाव लड़ रहे पूर्व सैनिक कैसी अक्सर को 49.1 प्रतिशत वोट मिले। उनके खाते में 1 लाख 40 हजार 933 वोट आए। कहा जाता है कि फ्लोरिडा 22 डिस्ट्रिक्ट डेमोक्रेट्स के लिए मुश्किल सीट रही है। हां पार्टी को चुनौती मिलती रही है।
कौन हैं पिया डांडिया

पिया डांडिया फॉर कांग्रेस वेबसाइट के अनुसार, उन्होंने 28 साल की उम्र में मिडिल स्कूल के टीचर के तौर पर करियर की शुरुआत की थी इसके बाद वह हाई स्कूल की प्रिंसिपल बनीं। इसमें कहा गया है कि वह सबसे कम उम्र में प्रिंसिपल बनने वालों में से एक थीं। उनके माता पिता लंबे समय पहले अमेरिका शिफ्ट हो गए थे। पिया का जन्म पाम बीच काउंटी में हुआ था। इसके अलावा वह निजी क्षेत्र में भी एप्पल जैसी बड़ी कंपनी में सेवाएं देती हैं।
कई भारतवंशी लड़ रहे हैं चुनाव

खास बात है कि इस मध्यावधि चुनाव में कई भारतवंशी मैदान में हैं। ये उम्मीदवार गवर्नर से लेकर सिटि काउंसिल सदस्यों तक के चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें चर्चित चेहरों में विवेक रामस्वामी भी हैं, जो ओहायो से गवर्नर पद का चुनाव लड़ रहे हैं। खास बात है कि यदि रामास्वामी जीत जाते हैं, तो वह लुइसियाना के बॉबी जिंदल और साउथ कैरोलिना की निक्की हेली के बाद भारतीय मूल के तीसरे गवर्नर होंगे।

पिया डांडिया के अलावा प्रतिनिधि सभा के लिए डेमोक्रेट नेता के तौर पर अमीश शाह भी चुनाव लड़ रहे हैं। दोनों को कांग्रेस से जुड़े डेमोक्रेटिक प्रचार समिति का समर्थन मिला है। शाह पेशे से डॉक्टर हैं और वह एरिजोना से चुनाव लड़ रहे हैं। खास बात है कि एरिजोना से ही प्रिया सुंदरेश भी मैदान में हैं, लेकिन वह सीनेट के लिए दावेदारी पेश कर रहीं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *