सदस्यता अभियान, संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण एवं उपभोक्ता अधिकारों के संरक्षण के लिए बनाई गई आगामी कार्ययोजना
रायपुर। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, छत्तीसगढ़ प्रांत की प्रांतीय कार्यकारिणी बैठक 31 अक्टूबर 2026, शनिवार को शंकर नगर स्थित प्रांत कार्यालय, रायपुर में संपन्न हुई। प्रातः 11 बजे से सायं 4 बजे तक चली इस बैठक में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा, सदस्यता विस्तार, ग्राहक जागरण अभियान तथा आगामी कार्ययोजना सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में छत्तीसगढ़ प्रभारी एवं पश्चिम मध्य क्षेत्र के संगठन मंत्री तथा मुख्य अभ्यागत मुकेश त्यागी (भोपाल), राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य रविकांत जायसवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष राकेश चंद्राकर ने की। इसमें प्रांत पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य तथा विभिन्न आयामों के प्रमुख एवं सह-प्रमुख शामिल हुए।
ग्राहक जागरण सामाजिक दायित्व भी है : मुकेश त्यागी
मुख्य वक्ता मुकेश त्यागी ने अपने मार्गदर्शन उद्बोधन में कहा कि वर्तमान समय में ग्राहकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उपभोक्ता हितों के संरक्षण के लिए संगठित प्रयास करना अत्यंत आवश्यक है। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत का उद्देश्य केवल ग्राहक समस्याओं का समाधान करना ही नहीं, बल्कि समाज में जागरूक, सजग एवं जिम्मेदार ग्राहक व्यवहार की चेतना विकसित करना भी है। उन्होंने राष्ट्रहित की भावना के साथ ग्राहक हितों की रक्षा के लिए संगठन को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने पर जोर दिया।
बैठक को उच्च न्यायालय बिलासपुर की उप महाधिवक्ता सुश्री सुनीता मानिकपुरी ने भी संबोधित किया। उन्होंने ग्राहक अधिकारों, उनके संरक्षण तथा जागरूकता के महत्व पर अपने विचार रखे।
संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा एवं भावी कार्ययोजना पर चर्चा
प्रांतीय सचिव देवेंद्र कौशिक ने छत्तीसगढ़ में ग्राहक पंचायत द्वारा संचालित गतिविधियों एवं संगठनात्मक कार्यों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। बैठक में सदस्यता अभियान को गति देने, संगठन का जिलों एवं तहसीलों तक विस्तार करने, कोष एवं अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण, ग्राहक जागरण एवं प्रचार-प्रसार, नियमित प्रवास, अभ्यास वर्ग तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर चर्चा हुई।
डॉ. शोभा पंडित ने आभार प्रदर्शन किया। बैठक के अंत में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय संपर्क अधिकारी एवं प्रचारक प्रवीण जी का आगमन हुआ। उन्होंने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से परिचय प्राप्त किया तथा संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता और समर्पण के साथ कार्य करने का आग्रह किया।
विभिन्न जिलों के पदाधिकारियों की सक्रिय सहभागिता
बैठक में संगठन मंत्री रामपाल जी सहित विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारी जयंत हरदास, गीताराम साहू, अजय पाध्ये, दिलीप देशमुख, वी के नामदेव,अमित वर्मा एवं उमेश पासवान सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। सभी ने छत्तीसगढ़ में ग्राहक पंचायत की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने के संबंध में अपने सुझाव रखे।
बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, ग्राहकों के हितों की रक्षा के लिए जनजागरण बढ़ाने तथा समाज में जिम्मेदार ग्राहक संस्कृति विकसित करने के संकल्प के साथ आगामी कार्ययोजना को आगे बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की गई।
उक्त जानकारी अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, छत्तीसगढ़ के मीडिया प्रभारी वीरेन्द्र नामदेव ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी।

