कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने किया राज्योत्सव स्थल का निरीक्षण, मौसम को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएँ समय पूर्व सुनिश्चित करने के निर्देश

सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज मुख्य अतिथि के रूप में होंगे शामिल

*बलरामपुर.राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर को जिला मुख्यालय बलरामपुर में आयोजित होने वाले राज्योत्सव की तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बलरामपुर के खेल मैदान में होने वाले इस जिला स्तरीय आयोजन में सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। तैयारियों का जायजा लेने कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने आज कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, जिले की उपलब्धियों और नवाचारों पर आधारित विभागीय स्टॉलों की तैयारी देखी तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मंच, दर्शकों की बैठक और पार्किंग व्यवस्था का भी अवलोकन किया। संभावित मौसम और बारिश की स्थिति को ध्यान में रखते हुए उन्होंने वैकल्पिक प्रबंध सहित समूची कार्यक्रम व्यवस्था पुख्ता करने तथा सभी तैयारियाँ आयोजन से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके पूर्व कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने कलेक्टर कक्ष से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर राज्योत्सव की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा ली थी। जिसमें उन्होंने विभागों को सौंपे गए दायित्वों का समन्वय के साथ समयबद्ध निर्वहन सुनिश्चित करने को कहा, ताकि आयोजन गरिमामय और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *