कलेक्टर ने जल जीवन मिशन अन्तर्गत कार्यो की समीक्षा की
भाटापारा. कलेक्टर कुलदीप शर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला जल एवं स्वच्छता समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रहे कार्यों की गहन समीक्षा की गई और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि हर-घर नल से जल पहुँचाने का कार्य 31 मार्च 2027 तक हर हाल में पूरा किया जाए।
कलेक्टर ने सभी एसडीओ और सब इंजीनियरों को नियमित रूप से मैदानी स्तर पर विजिट करने तथा ठेकेदारों के कार्यों की कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए।उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिये कि अब भुगतान को लेकर कोई समस्या नहीं है। कार्य पूरा होने पर ठेकेदारों के बिलों का भुगतान तत्काल किया जाए।
कार्य का भौतिक सत्यापन पत्र एवं कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से सभी संबंधित पंचायतों से प्राप्त करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के दौरान तोड़ी गई सड़कों और नालियों की मरम्मत सुनिश्चित करें। यदि ठेकेदार द्वारा मरम्मत नहीं कराई जाती है, तो पंचायत को नियमानुसार राशि दी जाए ताकि समय पर मरम्मत कराई जा सके।हर घर नल से जल योजना के सुव्यवस्थित संचालन के लिए ‘ज़ल मित्र’ और ‘पम्प ऑपरेटर’ नियुक्त करने के साथ-साथ पंचायतों को जल कर के संग्रहण के लिए पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए ।
बैठक मे सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल,कार्यपालन अभियंता नमित कोसरिया, सीएमएचओ डॉ. राजेश अवस्थी सहित समिति के अन्य सदस्य एवं एसडीओ उपस्थित थे।

