सांसद बृजमोहन अग्रवाल का बस्तर प्रवास: मां दंतेश्वरी के दर पर नवाया शीश, जगदलपुर में कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप और सांसद महेश कश्यप से की भेंट*

रायपुर.रायपुर सांसद एवं पूर्व वरिष्ठ मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल अपने बस्तर प्रवास के तहत शुक्रवार रात जगदलपुर पहुंचे, जहां देर रात उन्होंने छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री श्री केदार कश्यप और बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप से सौजन्य मुलाकात की। सर्किट हाउस में हुई इस बैठक में बस्तर संभाग के विकास, केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

इस अवसर पर महापौर श्री संजय पांडे, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री वेद प्रकाश पांडे सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। श्री अग्रवाल ने देर रात तक कार्यकर्ताओं से संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना और क्षेत्र में जनसेवा के संकल्प को मजबूती से आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

शनिवार को सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल शक्तिपीठ दंतेवाड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने आदिशक्ति मां दंतेश्वरी के दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद ग्रहण किया और छत्तीसगढ़ की सुख, शांति, खुशहाली और बस्तरवासियों के मंगलमय जीवन की प्रार्थना की।

श्री अग्रवाल ने कहा कि मां दंतेश्वरी की असीम कृपा से बस्तर आज शांति और विकास के नए युग में प्रवेश कर रहा है। बस्तर की पावन धरा हमेशा से आस्था, समृद्ध संस्कृति और संघर्ष की प्रतीक रही है, और मां के चरणों में आकर जनसेवा की नई ऊर्जा प्राप्त होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *