23 अक्टूबर को जगदलपुर के लालबाग मैदान में होगा आयोजन
राज्यपाल श्री रमेन डेका करेंगे अध्यक्षता, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय सहित अनेक जनप्रतिनिधि रहेंगे मौजूद
रायपुर, 21 अक्टूबर 2026
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु 23 अक्टूबर को बस्तर प्रवास के दौरान जगदलपुर में आयोजित मुरिया दरबार एवं बस्तर दशहरा उत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगी। कार्यक्रम का आयोजन दोपहर 12:45 बजे लालबाग मैदान में होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका करेंगे। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय अति विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव और श्री विजय शर्मा सहित राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम में पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक न्यास मंत्री श्री राजेश अग्रवाल, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े , स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी तथा स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव भी शामिल होंगे।
इसके अलावा बस्तर के सांसद श्री महेश कश्यप, जगदलपुर के विधायक श्री किरण सिंह देव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप और महापौर श्री संजय पाण्डे सहित अन्य जनप्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
*बस्तर की सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है दशहरा*
बस्तर दशहरा अपनी विशिष्ट परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के लिए देश-दुनिया में जाना जाता है। यह उत्सव बस्तर की जनजातीय संस्कृति, आस्था और सामुदायिक सहभागिता का महत्वपूर्ण प्रतीक है। मुरिया दरबार इस आयोजन की प्रमुख परंपराओं में से एक है, जिसमें बस्तर की पारंपरिक व्यवस्था और जनभागीदारी की झलक देखने को मिलती है। राष्ट्रपति की उपस्थिति से इस ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक आयोजन को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष महत्व मिलेगा।

