विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के बताए जरूरी उपाय
तिल्दा-नेवरा। शिक्षक दिवस के अवसर पर थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में तिल्दा-नेवरा पुलिस द्वारा विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर ‘साइबर शिक्षक’ की भूमिका निभाई गई। साइबर जागरूकता अभियान के तहत छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, OTP फ्रॉड, अनजान APK एवं संदिग्ध लिंक से बचाव के महत्वपूर्ण उपाय बताए गए।
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को समझाया कि OTP, PIN, पासवर्ड एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें तथा अनजान लिंक, APK फाइल एवं वीडियो कॉल से सावधान रहें। मोबाइल एप केवल अधिकृत Play Store/App Store से ही डाउनलोड करने की सलाह दी गई।
साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करने की जानकारी भी दी गई। पुलिस ने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक रहने तथा अपने माता-पिता एवं परिवारजनों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम में थाना तिल्दा-नेवरा का पुलिस स्टाफ रहा उपस्थित
कार्यक्रम में थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी सहित थाना तिल्दा-नेवरा का समस्त पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों के साथ संवाद कर साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी साझा की और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया।
“साइबर शिक्षा से ही साइबर सुरक्षा” के संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

