भारतीय नौसेना का सेल प्रशिक्षण पोत आईएनएस सुदर्शिनी अमेरिका के बोस्टन पहुंच गया है। जहाज ने Sail Boston 2026 की शुरुआत के अवसर पर आयोजित ग्रैंड परेड ऑफ सेल्स में भाग लेकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व किया।
भारतीय नौसेना के अनुसार, लोकायन 2026 ट्रांसओशेनिक अभियान के तहत आईएनएस सुदर्शिनी 12 जुलाई को न्यूयॉर्क में आयोजित Sail4th 250 समारोह में सफल भागीदारी के बाद बोस्टन पहुंचा। जहाज ने भारतीय तिरंगे के साथ कैसल आइलैंड और सीपोर्ट डिस्ट्रिक्ट जैसे प्रमुख स्थलों से गुजरते हुए औपचारिक रूप से बोस्टन में प्रवेश किया और बाद में बोस्टन फिश पियर पर पहुंचा।
इस दौरान बोस्टन स्थित भारत के महावाणिज्यदूत रघुराम शास्त्री भी ग्रैंड परेड ऑफ सेल्स के दौरान आईएनएस सुदर्शिनी पर सवार रहे।
Sail Boston 2026 में 20 से अधिक देशों के 60 से ज्यादा पारंपरिक नौकायन जहाज भाग ले रहे हैं। इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में आईएनएस सुदर्शिनी भारत की समुद्री विरासत, नौसैनिक कूटनीति और वैश्विक सद्भावना का प्रतिनिधित्व कर रहा है।
भारतीय नौसेना ने बताया कि जहाज 12 से 15 जुलाई तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा, जहां आगंतुक भारतीय नौसेना की समुद्री परंपराओं और जहाज की विशेषताओं को करीब से देख सकेंगे।
इससे पहले आईएनएस सुदर्शिनी नॉरफॉक, बाल्टीमोर और न्यूयॉर्क के सफल दौरे भी कर चुका है। नौसेना के अनुसार, Sail Boston 2026 में उसकी भागीदारी भारत और अमेरिका के बीच बढ़ती समुद्री साझेदारी को और मजबूत करेगी तथा विश्व मंच पर भारत की समृद्ध समुद्री विरासत को प्रदर्शित करेगी।
बोस्टन में लहराया तिरंगा, INS सुदर्शिनी ने ग्रैंड परेड ऑफ सेल्स में किया भारत का प्रतिनिधित्व

