उखड़ती सड़कें बता रही भ्रष्टाचार की जड़ें कितनी गहरी है, करोड़ों ख़र्च सड़क बेकार ज़िम्मेदार कौन?
रायपुर। भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार की इंतिहा हो गई, गृह मंत्री के गृह ग्राम में ही पहली बारिश में बह गए करोड़ों के सड़क कवर्धा जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत दलदली से मेन रोड खरिया से अगरी (बी) तक बनी सड़क के पहली ही बारिश में उखड़ने पर भाजपा सरकार और संबंधित विभाग पर गंभीर सवाल उठाते हुए प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता वन्दना राजपूत ने कहा कि सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस सड़क का निर्माण करोड़ों रुपये की लागत से किया गया, वह पहली ही बारिश की परीक्षा में क्यों फेल हो गई? इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता, निगरानी व्यवस्था और सरकारी दावों की पोल खुल गई है।
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता वन्दना राजपूत ने कहा कि इससे भी अधिक गंभीर बात यह है कि यह सड़क प्रदेश के गृहमंत्री एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का दायित्व संभालने वाले मंत्री विजय शर्मा के गृह निर्वाचन क्षेत्र की है। यदि मंत्री के अपने क्षेत्र की सड़क का यह हाल है, तो प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में बनी सड़कों की गुणवत्ता का सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है।
प्रदेश की जनता जानना चाहती है
ऽ करोड़ों रुपये की लागत से बनी सड़क पहली ही बारिश में क्यों उखड़ गई?
ऽ निर्माण एजेंसी कौन है और उसे किस आधार पर काम दिया गया?
ऽ सड़क निर्माण में गुणवत्ता की जांच किस अधिकारी ने की थी?
ऽ क्या निर्माण कार्य का थर्ड पार्टी ऑडिट कराया गया था?
ऽ इस सड़क के निर्माण में हुई लापरवाही और संभावित अनियमितताओं की जिम्मेदारी कौन लेगा?
ऽ क्या दोषी ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई होगी या उन्हें राजनीतिक संरक्षण मिलता रहेगा?
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता वन्दना राजपूत ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार “डबल इंजन” के विकास के दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि करोड़ों रुपये की सड़कें पहली बारिश भी नहीं झेल पा रही हैं। यह केवल सड़क का उखड़ना नहीं, बल्कि सरकार के विकास मॉडल की परतें उखड़ना है। जनता अब केवल घोषणाएं और प्रचार नहीं, बल्कि टिकाऊ विकास और जवाबदेही चाहती है। सरकार को इस मामले पर तत्काल जवाब देना चाहिए।

