डायल 112 की त्वरित कार्रवाई: अनियंत्रित होकर मोड़ पर गिरे दो गंभीर घायलों को कसडोल पुलिस ने पहुँचाया तत्काल अस्पताल

बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस की आपातकालीन सेवा ‘डायल 112’ आम जनता के लिए निरंतर संकटमोचक साबित हो रही है। आज शाम थाना कसडोल क्षेत्र के अंतर्गत बरघाट असनींद मोड़ के पास हुए एक सड़क हादसे में डायल 112 की टीम ने तत्परता दिखाते हुए दो गंभीर रूप से घायल युवकों को तत्काल अस्पताल पहुँचाकर उनका प्राथमिक उपचार शुरू कराया।

​हादसे का विवरण:- आज दिनांक 02/07/2026 को शाम करीब 05:15 बजे डायल 112 (थाना कसडोल बाज 01) को कॉलर के माध्यम से सूचना मिली कि बरघाट असनींद के पास एक गंभीर सड़क दुर्घटना हुई है। यहाँ एक मोटरसाइकिल मोड़ पर अनियंत्रित होकर गिर गई थी, जिससे वाहन सवार दोनों युवक सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े थे।
​तत्काल मौके पर पहुँची टीम:- सूचना मिलते ही कसडोल बाज 01 वाहन में तैनात आरक्षक क्रमांक 371 आशुतोष बंजारे और चालक नेतराम पटेल बिना कोई समय गंवाए तत्काल घटना स्थल के लिए रवाना हुए। मौके पर पहुँचकर टीम ने देखा कि घायलों में से एक युवक पूरी तरह बेहोश था, जबकि दूसरा होश में था लेकिन गंभीर चोटों के कारण तड़प रहा था।
​सीएचसी कसडोल में कराया भर्ती:- स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस स्टाफ ने बिना वक्त जाया किए दोनों घायलों— सुरेंद्र तिवारी (पिता पिंकू तिवारी, निवासी कसडोल) और राकेश महंत (पिता देवदास महंत, निवासी भोपाल, मध्य प्रदेश) को अत्यंत सावधानीपूर्वक डायल 112 वाहन में बिठाया। टीम द्वारा दोनों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कसडोल लाया गया, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उनका प्राथमिक उपचार तत्काल शुरू कर दिया गया है।

​”सड़क हादसों में घायल व्यक्तियों को समय पर अस्पताल पहुँचाना सबसे बड़ी प्राथमिकता होती है। आरक्षक आशुतोष बंजारे और चालक नेतराम पटेल ने मुस्तैदी दिखाते हुए घायलों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई है, जो कि बेहद सराहनीय है।” बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस जिले के सभी वाहन चालकों से अपील करती है कि वे मोड़ों पर वाहन की गति धीमी रखें और सुरक्षित ड्राइविंग करें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल डायल 112 को सूचित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *