भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने जोन-4 खुर्सीपार क्षेत्र का निरीक्षण कर नवीन हाट बाजार, पानी टंकी, अवैध अतिक्रमण एवं अन्य व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए व्यवस्थाओं में सुधार लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने नवीन हाट बाजार की स्थिति का अवलोकन किया और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। अतिक्रमण कर निवास करने वालों से चर्चा की गई, प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत पात्रता अनुसार आवास हेतु आवेदन करने कहा गया है ।वहीं क्षेत्र में पुराने पानी टंकी का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देशित किया, ताकि व्यवस्था सही की जा सके। आयुक्त ने क्षेत्र में मौजूद अवैध अतिक्रमणों का भी जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक मार्गों और स्थलों पर अतिक्रमण से आम नागरिकों को परेशानी होती है, इसलिए ऐसे मामलों में प्रभावी कार्रवाई की जाए। रोड बाधित कर निर्माण सामग्री रखने वालों पर चालानी कार्रवाई की गई, जिससे आवागमन व्यवस्थित रहे। साथ ही भवन अनुज्ञा संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करने कहा गया है, प्रस्तुत नहीं करने की स्थिति में कार्रवाई होगी ।
इसके साथ ही उन्होंने अन्य व्यवस्थाओ का निरीक्षण कर बेहतर बनाने के निर्देश दिए। आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि क्षेत्र में नियमित सफाई, कचरा संग्रहण एवं स्वच्छता संबंधी गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि नागरिकों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सके। निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता संजय वर्मा, सहायक अभियंता चंद्रकांत साहू, उप अभियंता बसंत साहू, सहायक राजस्व अधिकारी बालकृष्ण नायडू, जोन स्वास्थ्य अधिकारी हेमंत मांझी, राजस्व निरीक्षक विजेंद्र परिहार, स्वस्छता निरीक्षक अतुल यादव सहित निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
निगम आयुक्त ने खुर्सीपार का किया निरीक्षण, सड़क बाधा एवं अतिक्रमण पर दिए कड़ा निर्देश

