राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के जन्मदिन पर उन्हें देशभर से बधाई संदेश मिल रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने राष्ट्रपति मुर्मु को शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति मुर्मु का जीवन साहस, सादगी और जनसेवा के प्रति समर्पण की प्रेरक मिसाल है। उन्होंने यह भी कहा कि वह आज ओडिशा में होने वाले कार्यक्रम में राष्ट्रपति से मिलने के लिए उत्सुक हैं।
पीएम मोदी ने सराहा राष्ट्रपति का जनसेवा भाव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, “भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। साहस, सादगी, विनम्रता और जनसेवा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता से भरी उनकी जीवन-यात्रा देशभर के लोगों को प्रेरित करती रही है।”
राष्ट्र निर्माण और विकास के प्रति समर्पण की पीएम मोदी ने की सराहना
पीएम मोदी ने राष्ट्रपति मुर्मु के लंबे सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा की सराहना करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति मुर्मु विशेष रूप से वंचित और हाशिए पर रहने वाले लोगों के कल्याण के लिए समर्पित रही हैं तथा भारत के विकास के प्रति उनका अटूट समर्पण प्रेरणादायक है।

