मन की बात में प्रधानमंत्री ने साझा किए प्रेरणादायक प्रसंग, तिल्दा नेवरा में कार्यकर्ताओं ने सुना कार्यक्रम

तिल्दा नेवरा, 31 मई। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के प्रसारण को रविवार को तिल्दा नेवरा के गुरुनानक वार्ड स्थित बूथ क्रमांक 269 में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सुना। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने जल संरक्षण, सांस्कृतिक विरासत, युवाओं की उपलब्धियों तथा सामाजिक योगदान से जुड़े प्रेरणादायक उदाहरणों को देशवासियों के साथ साझा किया।

प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में मनोरमा नदी के संरक्षण के लिए जन-अभियान चलाने वाले आकाश गुप्ता के प्रयासों की सराहना करते हुए जल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विदेशों से भारत की ऐतिहासिक धरोहरों की वापसी का उल्लेख करते हुए नीदरलैंड्स द्वारा चोल काल की प्राचीन ताम्र पट्टिकाओं को लौटाए जाने की जानकारी दी।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने भारतीय युवाओं के बीच खगोल विज्ञान (एस्ट्रोनॉमी) के प्रति बढ़ते उत्साह की चर्चा की तथा सैनिकों के लिए छात्रों के सहयोग से 40 लाख रुपये जुटाने वाली गिरिजा अम्मा के प्रेरणादायक कार्य का उल्लेख किया। बढ़ती गर्मी के बीच उन्होंने पारंपरिक एवं पौष्टिक खान-पान अपनाने की सलाह देते हुए बिहार के प्रसिद्ध सत्तू शरबत का विशेष रूप से जिक्र किया।

युवा खिलाड़ियों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने 100 मीटर दौड़ में तीन बार राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाने वाले गुरिंदरवीर सिंह तथा छत्तीसगढ़ के प्रतिभाशाली एथलीट अनिमेष कुजूर से संवाद किया।

रायपुर ग्रामीण जिले के अंतर्गत तिल्दा नेवरा के बूथ क्रमांक 269, गुरुनानक वार्ड में आयोजित कार्यक्रम में अतिथि के रूप में राम पंजवानी एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती सीता पंजवानी उपस्थित रहे। इस अवसर पर बूथ अध्यक्ष दिनेश पंजवानी, नरेंद्र शर्मा, दुर्गा निषाद, इंद्राणी, पुष्पा, प्रेमलता साहू, डिगेश्वरी वर्मा, लक्की वर्मा, नरेश जोतवानी तथा युवा मोर्चा रायपुर जिला उपाध्यक्ष सागर पंजवानी सहित अनेक कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने कार्यक्रम को सुना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *