मुख्यमंत्री की घोषणा: छत्तीसगढ़ के लोकतंत्र सेनानियों को मिलेगा ‘ताम्रपत्र’ सम्मान; प्रोफार्मा तैयार करने के निर्देश

रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री मा.श्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के लोकतंत्र सेनानियों (मीसा बंदियों) के हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए उन्हें ‘ताम्रपत्र’ से सम्मानित करने की सहमति प्रदान की है। कल रात्रि लोकतंत्र सेनानी संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मा.सच्चिदानंद उपासने के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से भेंट कर यह विशेष आग्रह किया था।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से निवेदन किया कि प्रदेश के समस्त मीसा बंदियों को, चाहे वे जीवित हों या दिवंगत हो गए हों, शासन की ओर से ताम्रपत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाए। इस मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री ने तत्काल सहमति जताई और संघ से कहा कि वे अन्य राज्यों में दिए जाने वाले ताम्रपत्र का प्रोफार्मा और डिजाइन यथाशीघ्र शासन के समक्ष प्रस्तुत करें, ताकि इस पर त्वरित कार्यवाही की जा सके।
मुलाकात के दौरान उपासने ने मुख्यमंत्री को सौंपे पत्र के माध्यम से सरकार की वर्तमान पहल की भी सराहना की। उन्होंने बताया कि विगत दो वर्षों से 25-26 जून को मुख्यमंत्री निवास पर सेनानी परिवारों को भोजन पर आमंत्रित करना और दिवंगत सेनानियों का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर उनके परिवारों को ₹25,000 की सहायता देना अत्यंत प्रशंसनीय कदम है। इसी कड़ी में उन्होंने मांग की कि आगामी 25-26 जून के अवसर पर सेनानियों को शॉल, श्रीफल और स्मृति-चिह्न के साथ छायाचित्र युक्त ताम्रपत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाए। यह ताम्रपत्र आने वाली पीढ़ियों के लिए आपातकाल के संघर्ष का एक स्थायी प्रतीक सिद्ध होगा।
इस मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल में सच्चिदानंद उपासने जी के साथ रायपुर जिलाध्यक्ष सुहास देशपांडे , लोकतंत्र प्रहरी प्रदेश अध्यक्ष विशाल राजहंस और मीडिया प्रभारी आलोक श्रीवास्तव भी मुख्य रूप से उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *