दुर्ग में डबल मर्डर से सनसनी: महिला ने आरक्षक के घर घुसकर मां-बेटे की हत्या की

दुर्ग,। शहर के एसटीएफ कॉलोनी क्षेत्र में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक महिला ने घर में घुसकर आरक्षक के परिवार पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में आरक्षक की पत्नी और 9 वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटी गंभीर रूप से घायल है।
घटना स्मृति नगर चौकी क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज ने आरक्षक नितेश यादव के घर पहुंचकर उनकी पत्नी पर कई बार चाकू से हमला किया। बताया जा रहा है कि उसने करीब 10 से 12 वार किए, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हमले में उनका 9 वर्षीय बेटा भी गंभीर रूप से घायल हुआ और उसने भी दम तोड़ दिया।
घटना के दौरान घर में मौजूद एक बच्चा बाथरूम में छिपकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। वहीं घायल बेटी को गंभीर अवस्था में अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी एक दिन पहले भी घर पहुंची थी, लेकिन उसे समझाकर वापस भेज दिया गया था। इसी रंजिश के चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। क्षेत्र में सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *