आतंकवाद के आगे कभी नहीं झुकेगा भारत; पहलगाम हमले की बरसी पर PM ने दी शहीदों को श्रद्धांजलि

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले साल आज ही के दिन जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकवादी हमले के पीड़ितों को भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि इस हमले में अपनी जान गंवाने वाले निर्दोष नागरिकों और जवानों के बलिदान को देश कभी नहीं भूलेगा। प्रधानमंत्री ने लिखा, “पिछले साल आज ही के दिन पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को याद कर रहा हूं। उन्हें कभी भुलाया नहीं जाएगा। मेरी संवेदनाएं उन शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं, जो इस अपूरणीय क्षति को सह रहे हैं।” उन्होंने इस त्रासदी को एक ऐसी घटना बताया जो आज भी देश की अंतरात्मा पर बोझ बनी हुई है।

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में आतंकवाद के खिलाफ भारत के सख्त और अटूट रुख को दोहराया। उन्होंने कहा कि पूरा देश दुख और संकल्प की इस घड़ी में एक साथ खड़ा है। पीएम मोदी ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा, “एक राष्ट्र के रूप में, हम दुख और संकल्प में एकजुट हैं। भारत कभी भी किसी भी रूप में आतंकवाद के आगे नहीं झुकेगा। आतंकवादियों के घिनौने मंसूबे कभी सफल नहीं होंगे।”
आपको बता दें कि 22 अप्रैल, 2025 को पहलगाम में आतंकवादियों ने एक कायराना हमले को अंजाम दिया था, जिसमें कई निर्दोष लोगों की जान चली गई थी। इस हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था और इसके बाद सुरक्षा बलों ने क्षेत्र में आतंकवाद विरोधी अभियानों को और तेज कर दिया था।

पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी के चलते जम्मू-कश्मीर में बैसरन घाटी समेत अन्य इलाकों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था है। घाटी में चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बलों का घेरा है और आने-जाने वालों की सख्ती तलाशी ली जा रही है। मंगलवार को अलग-अलग जिलों में उच्च अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते दिखे।
पहलगाम में हमले के पीड़ितों के सम्मान में लिद्दर नदी के किनारे काले संगमरमर से एक स्मारक बनाया गया है, जहां हमले में मारे गए सभी लोगों के नाम अंकित किए गए हैं। यहां पर बुधवार को स्थानीय प्रशासन द्वारा विशेष श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई है। पर्यटकों ने भी लोगों को श्रद्धांजलि दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *