काबूल। अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा पर तनाव तेजी से बढ़ गया है। पाकिस्तान द्वारा कथित तौर पर आतंकवादियों के ठिकानों को निशाना बनाकर की गई एयरस्ट्राइक के बाद अब अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने जवाबी सैन्य कार्रवाई शुरू कर दी है। बीते लगभग 48 घंटों से दोनों देशों के बीच छिटपुट गोलीबारी जारी थी, जो अब भारी हथियारों के इस्तेमाल तक पहुंच गई है। तालिबान सरकार के प्रवक्ता ज़बिहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि आम नागरिकों की मौत के जवाब में अफगान सेना ने पाकिस्तान के सैन्य ठिकानों और चौकियों को निशाना बनाया है। उनके अनुसार, अफगान बल मल्टी-बैरेल रॉकेट लॉन्चर, टैंक, आर्टिलरी और मोर्टार का उपयोग कर रहे हैं।
पाकिस्तान की 15 चौकियों पर कब्जे का किया दावा
तालिबान प्रवक्ता ने दावा किया है कि नंगरहार-खैबर और कुनार-बाजौर सीमाई इलाकों में हमले किए गए, जिनमें पाकिस्तान की 15 चौकियों पर कब्जा कर लिया गया है। नंगरहार सीमा के पास दो, गोश्ता क्षेत्र के समीप तीन और कुनार सीमा पर दो चौकियों पर अफगान बलों की मौजूदगी का दावा किया गया है। साथ ही कई पाकिस्तानी सैनिकों के हताहत होने की बात भी कही गई है। हालांकि, पाकिस्तान की ओर से इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

