ओटावा. कनाडा की केंद्र सरकार ने भारत को लेकर अपनी पिछली ‘चिंताओं’ को दरकिनार करते हुए एक बड़ा बयान दिया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को कहा कि कनाडा सरकार का अब मानना है कि भारत का कनाडा में हो रहे हिंसक अपराधों से कोई संबंध नहीं है। यह महत्वपूर्ण बयान प्रधानमंत्री मार्क कार्नी की बहुप्रतीक्षित भारत यात्रा से ठीक पहले आया है। वरिष्ठ अधिकारियों ने कनाडा और भारत के बीच सुरक्षा वार्ता और सहयोग में हुई प्रगति को लेकर खासा जिक्र किया। कनाडाई अखबार टोरंटो स्टार ने नाम न छापने की शर्त पर एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से लिखा- राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों सहित हमारे बीच बहुत मजबूत राजनयिक बातचीत हुई है और हम विश्वास के साथ कह सकते हैं कि वे (हिंसक) गतिविधियां अब जारी नहीं हैं। एक अन्य अधिकारी ने कहा कि अगर हमें लगता कि इस तरह की गतिविधियां अभी भी जारी हैं, तो हम यह यात्रा बिल्कुल नहीं करते। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मार्क कार्नी व्यावहारिक विदेश नीति के विजन पर काम कर रहे हैं। डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में अमेरिका के ‘अविश्वसनीय’ होने के कारण, कनाडा अब 1.4 अरब की आबादी वाले भारत के साथ अपने व्यापारिक संबंधों को गहरा करना चाहता है। तेल, गैस निर्यात और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे क्षेत्रों में नई साझेदारियों की उम्मीद के साथ पीएम कार्नी गुरुवार को मुंबई और नई दिल्ली के लिए रवाना हो रहे हैं, जहां वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे।
कनाडा में हो रहे अपराधों से भारत का लेना-देना नहीं, कार्नी सरकार ने दी क्लीन चिट

