वार्ड 63 में एक करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

नंदी चौक टिकरापारा में 6 नए आंगनबाड़ी भवनों का भूमिपूजन-लोकार्पण
शिक्षा और महिला सशक्तिकरण को मिलेगा नया आधार

रायपुर/
रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नगर निगम जोन क्रमांक 6 के शहीद ब्रिगेडियर उस्मान वार्ड क्रमांक 63 में आज एक साथ कई विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया। रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी और नगर पालिक निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे ने नंदी चौक टिकरापारा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से किए जाने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण कर वार्डवासियों को बड़ी सौगात दी।

75 लाख की लागत से 6 नए आंगनबाड़ी भवन

कार्यक्रम में वार्ड क्रमांक 63 के छह अलग-अलग स्थानों पर लगभग 75 लाख रुपये की लागत से नए आंगनबाड़ी केंद्र भवनों के निर्माण एवं विकास कार्य का भूमिपूजन किया गया। इन आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण से क्षेत्र के बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा, पोषण और देखभाल की बेहतर सुविधा मिलेगी।

बच्चों को मॉडल स्कूल से जोड़ने का सुझाव

इस अवसर पर विधायक सुनील सोनी ने मंच से सुझाव दिया कि नगर निगम क्षेत्र के शासकीय स्कूलों को केंद्र सरकार के सर्व शिक्षा अभियान के अंतर्गत मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने अपने पूर्व महापौर कार्यकाल का स्मरण करते हुए बताया कि उस दौरान तीन लाख से अधिक स्कूली बच्चों से संवाद कर स्वच्छ रायपुर अभियान चलाया गया था तथा नगर निगम के वार्षिक बजट का एक बड़ा हिस्सा शासकीय स्कूलों के उन्नयन के लिए समर्पित किया गया था।

कोई बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे – विधायक

विधायक ने कहा कि घनी आबादी वाले वार्डों में यह सुनिश्चित करना सभी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से वार्ड 63 में छह नए आंगनबाड़ी केंद्र शीघ्र तैयार किए जाएंगे। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों से जोड़ें और आगे स्कूल भेजने के लिए प्रेरित करें।

महापौर ने बताया जनप्रतिनिधियों के प्रयासों का परिणाम

महापौर मीनल चौबे ने कहा कि एक ही वार्ड में छह नए आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण प्रारंभ होना अत्यंत प्रसन्नता का विषय है। यह विधायक सुनील सोनी और वार्ड पार्षद प्रमोद कुमार साहू के निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने वार्ड 63 के विकास हेतु पर्याप्त राशि स्वीकृत कराने में सहयोग के लिए विधायक का आभार व्यक्त किया।

नंदी महाराज प्रतिमा स्थापना की पहल सराहनीय

महापौर ने कहा कि नंदी चौक टिकरापारा में नंदी महाराज की प्रतिमा पार्षद निधि से स्थापित करने का संकल्प सराहनीय है। इससे क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान मजबूत होगी और विकास कार्य निरंतर आगे बढ़ेंगे।

सभापति ने दी आंगनबाड़ी निर्माण पर बधाई

नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने कहा कि अपने पहले ही कार्यकाल में वार्ड 63 में छह आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण प्रारंभ कराना उल्लेखनीय कार्य है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए पार्षद प्रमोद कुमार साहू, महिलाओं, बच्चों और वार्डवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से ट्रिपल इंजन सरकार के माध्यम से रायपुर शहर का सर्वांगीण विकास किया जाएगा।

प्रधानमंत्री आवास और उज्ज्वला योजना का लाभ वितरित

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को भवन अनुज्ञा स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। वहीं प्रधानमंत्री उज्ज्वला गैस योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को गैस सिलेंडर एवं चूल्हा वितरित किया गया।

पार्षद ने जताया आभार, सब्जी बाजार व्यवस्थित करने की मांग

वार्ड पार्षद प्रमोद कुमार साहू ने लगभग एक करोड़ रुपये के विकास कार्यों की स्वीकृति और शुभारंभ के लिए विधायक, महापौर, सभापति एवं जोन अध्यक्ष के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने नंदी चौक क्षेत्र में सड़क पर लगने वाले सब्जी बाजार के शीघ्र व्यवस्थापन की मांग भी रखी।

बड़ी संख्या में नागरिक रहे उपस्थित

कार्यक्रम में जोन 6 अध्यक्ष बद्री प्रसाद गुप्ता, जोन कमिश्नर हितेन्द्र यादव, अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक कार्यकर्ता, महिलाएं, युवा एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पार्षद प्रमोद कुमार साहू ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जोन कमिश्नर हितेन्द्र यादव ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *