कश्मीर घाटी में ठंड का कहर जारी,1 फरवरी से बारिश के आसार

श्रीनगर। पूरे कश्मीर में कड़ाके की ठंड दर्ज की गई और अधिकांश इलाकों में तापमान शून्य डिग्री से नीचे बना रहा। प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान माइनस 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो इस मौसम का सबसे कम तापमानों में से एक है। राजधानी श्रीनगर में तापमान माइनस 0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पहलगाम में न्यूनतम तापमान माइनस 4.5 डिग्री सेल्सियस रहा। जम्मू संभाग की बात करें तो जम्मू शहर में तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस, कटरा में 6.4, बटोटे में 0.9, बनिहाल में माइनस 2.6 और भद्रवाह में माइनस 3.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इस बीच मौसम विभाग ने आगामी दिनों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव आ सकता है, जिससे ठंड और बढ़ने के आसार हैं। मौसम विभाग ने 31 जनवरी की शाम तक आमतौर पर सूखा और बादल छाए रहने का अनुमान लगाया है। 1 और 2 फरवरी को आमतौर पर बादल छाए रहने और कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की संभावना जताई है। वहीं, 3 से 6 फरवरी तक मौसम सूखा रहने का अनुमान है। गांदरबल, बांदीपोरा और कुपवाड़ा जिलों के अधिकारियों ने इन जिलों के ऊंचे इलाकों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है और वहां रहने वाले लोगों को बहुत सावधान रहने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *