तिल्दा-नेवरा नगर में स्वर्गीय सोनचंद वर्मा स्मृति फाउंडेशन के तत्वावधान में प्रभु श्रीरामचंद्र जी की असीम कृपा से विगत 15 वर्षों से निरंतर संगीतमय रामकथा, श्रीमद् भागवत कथा एवं शिव पुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में इस वर्ष भी तिल्दा-नेवरा नगर में संगीतमय श्रीराम कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है।
यह आयोजन 1 फरवरी 2026 से 7 फरवरी 2026 तक बीएनबी हाई स्कूल मैदान, नेवरा में संपन्न होगा। कथा का समय प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस संगीतमय रामकथा में अयोध्या धाम, उत्तर प्रदेश से पधारीं मानस विदुषी देवी चंद्रकला जी अपने मुखारविंद से श्रीराम कथा का रसपान कराएंगी।
कथा के दौरान प्रभु श्रीराम की महिमा, शिव-पार्वती विवाह, श्रीराम जन्मोत्सव, श्रीसीताराम विवाह उत्सव, वनगमन, केवट संवाद, लंका दहन एवं श्रीराम राज्याभिषेक जैसे महत्वपूर्ण प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया जाएगा।
आयोजन के प्रथम दिन 1 फरवरी को गायत्री मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो नेवरा सुभाष चौक, गांधी चौक, परशुराम चौक होते हुए कथा स्थल बीएनबी हाई स्कूल मैदान पहुंचेगी। कलश यात्रा में आकर्षक झांकियां, रामायण मंडली तथा स्वयं कथा वाचक मानस विदुषी देवी चंद्रकला जी भी शामिल रहेंगी।
कथा के संयोजक पुष्पराज टंक राम वर्मा ने बताया कि इस धार्मिक आयोजन को लेकर नगरवासियों में विशेष उत्साह है और सभी स्तर पर तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं।
रामकथा की तैयारियों को लेकर बलौदाबाजार विधायक एवं कैबिनेट मंत्री टंक राम वर्मा ने नगर के समाजसेवियों, धर्मप्रेमियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। नगर में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है तथा ग्रामीण अंचल से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए कथा स्थल पर बैठने की समुचित व्यवस्था की गई है। प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति की अपील की गई है।
कथा को सफल बनाने के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं और सभी अपने-अपने दायित्वों के अनुसार तैयारियों में जुटे हुए हैं।

