रायपुर नगर निगम एमआईसी बैठक में विकास से जुड़े बड़े फैसले

महापौर मीनल चौबे की अध्यक्षता में लिए गए अहम निर्णय

रायपुर। रायपुर नगर पालिक निगम की मेयर इन काउंसिल (एमआईसी) की बैठक महापौर मीनल चौबे की अध्यक्षता में निगम मुख्यालय में संपन्न हुई। बैठक में शहर के समग्र विकास, स्वच्छता, जल प्रबंधन, यातायात, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं के विस्तार से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। निगम प्रशासन ने पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया।

पुनर्वास, रोजगार और प्रशासनिक मजबूती

मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के तहत खालसा स्कूल के सामने से हटाए गए 69 दुकानदारों को क्रिस्टल आर्केड के सामने दुकान बनाकर व्यवस्थित रूप से बसाने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा नगर निगम के विभिन्न विभागों में 157 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई। निराश्रित पेंशन एवं राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के 316 प्रकरणों पर भी निर्णय लिया गया।

स्वच्छता, यातायात और पर्यावरण संरक्षण

शहर के 6 प्रमुख मार्गों को नो-फ्लेक्स जोन घोषित किया गया है, जहां अवैध बैनर-पोस्टर पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सिंगल यूज प्लास्टिक पर सख्त नियंत्रण लागू करने का निर्णय लिया गया। नगरोत्थान योजना के तहत 18 प्रमुख जंक्शनों के विकास से ट्रैफिक जाम और दुर्घटनाओं में कमी आएगी।

जल निकासी, अमृत 2.0 और अधोसंरचना विकास

जल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जल बोर्ड गठन का निर्णय लिया गया। अमृत 2.0 मिशन के अंतर्गत माइलस्टोन पूर्ण करने पर निगम को 15 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि मिली है। इससे ड्रेनेज प्लानिंग, ड्रोन आधारित प्रॉपर्टी टैक्स मैपिंग, सीवेज सफाई मशीनों की खरीदी और एसटीपी अपग्रेडेशन कार्य किए जाएंगे। नाला निर्माण एवं पाइप लाइन पुशिंग कार्यों से जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कदम बढ़ाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *