ट्रंप ने जेलेंस्की को किया किनारे

वॉशिंगटन.अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन-रूस युद्ध को समाप्त करने के लिए 28 सूत्रीय नई योजना पेश की है। साथ ही उन्होंने साफ कर दिया है कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के पास लड़ाई को लंबे समय तक जारी रखने का विकल्प नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि जेलेंस्की को इस योजना को स्वीकार करना होगा। यह योजना रूस की ओर झुकी प्रतीत होती है। ट्रंप पहले भी जेलेंस्की की सहमति के बिना ही यूक्रेन-रूस युद्ध को समाप्त करने की अपनी योजना पर आगे बढ़ चुके हैं। ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि उन्हें उम्मीद है कि यूक्रेन के राष्ट्रपति उनकी सरकार की युद्ध समाप्त करने की नई योजना पर अगले गुरुवार तक प्रतिक्रिया देंगे। ट्रंप ने ओवल ऑफिस में मीडिया से बातचीत में कहा कि हम मानते हैं कि हमारे पास शांति स्थापित करने का एक तरीका है। जेलेंस्की को इसे मंजूर करना होगा। यूक्रेन की जेलेंस्की सरकार पर भ्रष्टाचार के साथ-साथ युद्ध के मैदान से मिल रही चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। रूस लगातार उसके ऊर्जा अवसंरचना पर बमबारी कर रहा है जिससे एक बार फिर यूक्रेनवासियों के लिए सर्दी का मौसम कठिनाई भरा होने की आशंका है। जेलेंस्की का भी मानना है कि यूक्रेन अब शायद अपने इतिहास के सबसे कठिन दौर का सामना कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *