बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस फेसबुक पेज के माध्यम से आयोजित किया गया आनलाइन लाइव KHAKI TALKS

बलौदाबाजार.जिला बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम के तहत KHAKI TALKS कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उक्त कार्यक्रम के तहत देश के प्रसिद्ध एवं प्रबुद्ध नागरिकों को पुलिस प्लेटफार्म के माध्यम से जोड़ा जा रहा है तथा लाइव रहकर उनके द्वारा विभिन्न विषयों जैसे साइबर सुरक्षा, यातायात जागरूकता, बाल अपराध, महिला अपराध आदि विभिन्न अधिनियमों के संबंध में जानकारी भी लगातार दिया जा रहा है। इसी कड़ी में पंचम एपिसोड के तहत आज दिनांक 07.11.2025 दिन शुक्रवार दोपहर 03.30 बजे 04.30 बजे तक बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस फेसबुक पेज के माध्यम से लाइव रहकर पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता द्वारा लोगों को साइबर जागरूकता एवं होल्ड राशि वापसी के सम्बन्ध में व्याख्यान दिया गया। इस दौरान Balodabazar police Facebook पेज को फॉलो एवं लाइक कर लोग साइबर जागरूकता संबंधी लाइव KHAKI TALKS कार्यक्रम के सहभागी बने।

जिले में जिनके साथ साइबर ठगी हुई और जिनकी राशि होल्ड करवा कर उन्हें वापस लौटाई गई ऐसे पीड़ितों को फेसबुक लाईव कार्यक्रम में बुलाया गया और उन्हें साइबर जागरूक नागरिक का सर्टिफिकेट पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रदान किया गया। साइबर ठगी के पीड़ितों में राजेंद्र कुमार साहू, गंगाप्रसाद पटेल, ओमनी साहू, प्रकाश माली, लेखराम सिन्हा ने सायबर फ्राड के संबंध में अपनी आपबीती फेसबुक लाइव के माध्यम से साझा की तथा छत्तीसगढ़ शासन एवं छत्तीसगढ़ पुलिस का धन्यवाद ज्ञापित किया गया। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता द्वारा फेसबुक लाईव कार्यक्रम में कहा गया कि आपकी सतर्कता एवं सावधानी ही, साइबर ठगी से बचाव का रक्षा कवच है, इसलिए हमेशा अपडेट रहिए।

जिले में 01 जनवरी 2025 से 31 अक्टूबर 2025 के मध्य कुल 1055 साइबर फ्राड की शिकायतें दर्ज की गई है। जिसमें से 470 प्रकरणों में कुल ₹88,11,060 ठगी की राशि होल्ड करने में सफलता मिली है। इनमें से भी 97 प्रकरण में कुल ₹20,09,772 उनके वास्तविक हकदार/मलिक को वापस दिलाई गई है एवं शेष प्रकरणों में होल्ड राशि वापसी के कार्रवाई अभी प्रक्रियाधीन है। इसके अतिरिक्त जिले के सिटी कोतवाली बलौदाबाजार, भाटापारा शहर, भाटापारा ग्रामीण, सुहेला एवं सिमगा थाने में साइबर अपराध से संबंधित इस वर्ष 20 से अधिक प्रकरण पंजीबद्ध कर उक्त प्रकरणों में आरोपियों की गिरफ्तारी भी की गई है। लाइव कार्यक्रम में स्वामी आत्मानंद स्कूल लवन, जवाहर नवोदय विद्यालय लवन सहित कई स्कूल एवं संस्थाओं के बच्चे एवं अन्य नागरिक सहित आनलाइन हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए तथा संपूर्ण ऑनलाइन लाइव कार्यक्रम की सराहना की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *