नई दिल्ली। लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूजा देशभर में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। शनिवार को नहाय-खाय के साथ इसकी शुरुआत हुई और रविवार को दूसरे दिन खरना का पर्व मनाया जा रहा है। इस पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक संदेश साझा किया और इसके साथ प्रसिद्ध गायक दिनेश लाल यादव का छठ गीत ‘सुख लेके उगिह दुख लेके डुबिह’ भी साझा किया। उन्होंने लिखा, “आप सभी को महापर्व छठ खरना पूजा की असीम शुभकामनाएं। सभी व्रतियों को सादर नमन! श्रद्धा और संयम के प्रतीक इस पावन अवसर पर गुड़ से तैयार खीर के साथ सात्विक प्रसाद ग्रहण करने की परंपरा रही है। मेरी कामना है कि इस अनुष्ठान पर छठी मइया हर किसी को अपना आशीर्वाद दें।”
लोक आस्था का महापर्व : खरना के पावन अवसर पर पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं

