लंदन में तोड़ी गई महात्मा गांधी की प्रतिमा

लंदन। लंदन के टैविस्टॉक स्क्वायर पर स्थापित महात्मा गांधी की प्रतिमा के साथ तोड़फोड़ हुई है। भारतीय उच्चायोग ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। यह घटना 2 अक्टूबर को होने वाले वार्षिक गांधी जयंती समारोह से कुछ दिन पहले हुई। मूर्ति के चबूतरे पर कुछ विचलित करने वाले शब्द भी लिखे गए। भारतीय मिशन ने बताया कि स्थानीय अधिकारियों को इस घटना की सूचना दे दी गई है। उच्चायोग के अधिकारी स्मारक को ठीक कराने के लिए घटनास्थल पर मौजूद हैं। मालूम हो कि इस मशहूर प्रतिमा में राष्ट्रपिता को ध्यानमग्न मुद्रा में दिखाया गया है। लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग ने सोशल मीडिया पर अपने बयान में कहा, ‘भारतीय उच्चायोग टैविस्टॉक स्क्वायर पर स्थापित महात्मा गांधी की प्रतिमा को तोड़े जाने की घटना से बेहद दुखी है और इसकी कड़ी निंदा करता है। यह सिर्फ तोड़फोड़ की घटना नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस से तीन दिन पहले अहिंसा के विचार और महात्मा गांधी की विरासत पर हिंसक हमला है। हमने तत्काल कार्रवाई के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया है। हमारी टीम पहले से ही घटनास्थल पर मौजूद है। प्रतिमा को ठीक करने के लिए अधिकारियों के साथ तालमेल किया जा रहा है।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *