सिक्किम,12 सितंबर। सिक्किम के पश्चिमी जिले में गुरुवार (11 सितंबर) देर रात बड़ा भूस्खलन हुआ, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई और तीन लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। यह घटना यांगथांग विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ऊपरी रिंबी इलाके में हुई। स्थानीय पुलिस टीम ने ग्रामीणों और एसएसबी जवानों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया। ह्यूम नदी में आए तेज बहाव के कारण वहां पहुंचना मुश्किल था, लेकिन टीम ने पेड़ के तने से अस्थायी पुल बनाकर दो महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला। दोनों को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान एक महिला ने दम तोड़ दिया, जबकि दूसरी की हालत गंभीर बनी हुई है। एसपी गेयजिंग त्शेरिंग शेरपा ने बताया कि घटना में तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई थी, जबकि तीन और लोग लापता हैं। राहत दल उनकी तलाश कर रहा है। गौरतलब है कि इसी हफ्ते सोमवार की आधी रात ग्यालशिंग जिले के थंगशिंग गांव में भी भूस्खलन हुआ था। इसमें 45 वर्षीय बिश्नु माया पोर्टेल नाम की महिला की मौत हो गई थी। भारी बारिश की वजह से पूरे क्षेत्र में लगातार भूस्खलन की घटनाएं हो रही हैं। भूस्खलन से महिला का घर पूरी तरह तबाह हो गया। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे संवेदनशील और जोखिम भरे इलाकों में सतर्क रहें और सुरक्षा सलाह का पालन करें, क्योंकि भारी बारिश से नए भूस्खलन की आशंका बनी हुई है।
सिक्किम में भूस्खलन से 4 की मौत

