‘हिंदी बोलूंगा’ कहने वाले वाले ऑटो चालक से बदसलूकी

मुंबई,13 जुलाई। महाराष्ट्र में भाषा को लेकर विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है। यहां पर पालघर जिले में एक ऑटो चालक को मराठी विरोधी टिप्पणी के लिए पीटा गया है। यह मारपीट उद्धव ठाकरे सेना गुट के कार्यकर्ताओं ने की है। शिवसेना (यूबीटी) कार्यकर्ताओं द्वारा ऑटो चालक के साथ बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जाता है कि कुछ दिन पहले इस ऑटो चालक का एक वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो में एक व्यक्ति उससे पूछ रहा था कि वह मराठी क्यों नहीं बोल रहा है। इसके जवाब में यह ड्राइवर बार-बार कह रहा था कि वह हिंदी बोलेगा। पुलिस ने रविवार को कहा कि उसने वीडियो देखा है लेकिन अभी तक इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है, इसलिए अभी कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। उन्होंने वीडियो देखा है लेकिन अभी तक इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है, इसलिए अभी तक कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उबाठा) के एक स्थानीय पदाधिकारी ने दावा किया कि ऑटो चालक को सबक सिखाया गया है और कहा कि मराठी भाषा और राज्य का अपमान करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
पालघर के विरार इलाके में रहने वाले प्रवासी ऑटो चालक ने कथित तौर पर मराठी भाषा, महाराष्ट्र और मराठी प्रतीकों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थी। जिसका वीडियो भी पहले सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। बताया जाता है कि इस वीडियो में उसने बार-बार एक बात दोहराई थी कि हिंदी ही बोलूंगा। इसको लेकर सोशल मीडिया और स्थानीय राजनीतिक समूहों ने तीखी प्रतिक्रियाएं दी थीं। शनिवार को एक नया वीडियो सामने आया। इसमें नजर आ रहा है कि शिवसेना यूबीटी के कार्यकर्ताओं का एक समूह व्यस्त सड़क पर ऑटो ड्राइवर को थप्पड़ मार रहा है। इन कार्यकर्ताओं में महिलाएं भी शामिल हैं। बाद में उसे उस व्यक्ति और उसकी बहन से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने के लिए कहा गया। घटनास्थल पर मौजूद शिवसेना (यूबीटी) की विरार शहर इकाई के प्रमुख उदय जाधव ने बाद में इस कार्रवाई को उचित ठहराया।

जाधव ने संवाददाताओं से कहाकि अगर कोई मराठी भाषा, महाराष्ट्र या मराठी लोगों का अपमान करने की हिम्मत करता है, तो उसे शिवसेना की शैली में जवाब दिया जाएगा। हम चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने कहाकि चालक ने महाराष्ट्र और मराठी मानुष के बारे में बुरा बोलने की हिम्मत की। उसे कड़ा सबक सिखाया गया। हमने उसे राज्य के लोगों और जिन लोगों को उसने ठेस पहुंचाई थी, उनसे माफी मांगने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *