डायरिया प्रभावितों का जायजा लेने कलेक्टर पहुंचे सीएचसी पलारी

वार्डो में सर्वे करने, सैंपल जांच व सतत निगरानी के निर्देश

बलौदाबाजार,.कलेक्टर दीपक सोनी ने शनिवार क़ो पलारी के उन वार्डों का भ्रमण कर स्वास्थ्य सुविधाओं का जायज़ा लिया जहाँ उल्टी दस्त के कुछ प्रकरण सामने आए हैं। उन्होने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलारी में ईलाज हेतु भर्ती मरीजों का भी जायजा लिया और चिकित्सकों क़ो पर्याप्त दवाई की उपलब्धता व बेहतर ईलाज के निर्देश दिये। इसके साथ वार्डो में बनाए गए मेडिकल कैम्प का भी निरीक्षण कर मरीजों का हाल-चाल जाना।

कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ नगरीय निकाय ,पीएचई और राजस्व विभाग को समन्वय बना कर कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होने डायरिया नियंत्रण के लिए वार्डो का सर्वे करने,जल स्रोतों का शुद्धिकरण सहित सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने,प्रकरण के सम्बंध में निगरानी बढ़ाये जाने के भी निर्देश सम्बंधित अधिकारियों को दिए।

सीएमएचओ डॉ राजेश कुमार अवस्थी ने बताया कि बारिश के मौसम में साफ-सफाई के अभाव,दूषित खान-पान के कारण उल्टी-दस्त की शिकायत होती है । पलारी के कुछ वार्डों में इसके प्रकरण सामने आए हैं। इसमें वार्ड क्रमांक नंबर 4 मे 86घरों के सर्वे में 48, वार्ड क्रमांक  2 में 60 घरों के सर्वे में 12,वार्ड क्रमांक 5 में 50 घरों के सर्वे में 8 लोग लक्षण वाले प्रकट हुए हैं। सभी को उपचार दिया गया है । स्वास्थ्य विभाग द्वारा इन क्षेत्रों में कैंप लगाया गया है जिसमें कर्मचारियों की शिफ्ट अनुसार ड्यूटी लगाई गई है ।सीएचसी पलारी में उल्टी- दस्त के 29 मरीज भर्ती हैं जिनका ईलाज जारी है। इसके साथ ही कैम्प में भी मरीजों का ईलाज जारी है।

मौके पर उपस्थित आईडीएसपी के नोडल अधिकारी डॉ अभिजीत बैनर्जी ने बताया कि पलारी में मरीजों के उपचार हेतु पर्याप्त व्यवस्था है ।भर्ती में से ऐसे मरीज जिनका यूरिन आउट पुट कम हैं एवं बच्चे और गर्भवती महिलाओं की विशेष निगरानी की जा रही है । स्टाफ के अवकाश भी निरस्त कर दिए गए हैं। वार्डों में ओआरएस सहित जरूरी दवाइयों का भी वितरण किया गया है । पानी जाँच हेतु भी भेजा गया है । लोगों को स्वास्थ्य शिक्षा भी प्रदान की जा रही है ।इस दौरान एसडीएम दीपक निकुंज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *