बलौदाबाजार। शैक्षणिक सत्र 2025-26 अंतर्गत शाला प्रवेश उत्सव का जिला स्तरीय समारोह राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा के मुख्य आतिथ्य में सोमवार क़ो जिला ऑडिटोरियम बलौदाबाजार में सम्पन्न हुआ। अतिथियों के द्वारा मां सरस्वती एवं भारतमाता के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारम्भ किया गया। इस अवसर पर नवप्रवेशी छात्रों क़ो तिलक लगाकर व मुंह मीठा कर अभिनन्दन किया गया। साथ ही पाठ्यपुस्तक, गणवेश, बस्ता, टाई बेल्ट, कम्पास बॉक्स का वितरण भी किया गया। मंत्री वर्मा ने सभी नवप्रवेशी बच्चों क़ो शुभकामनायें देते हुए कहा कि बच्चों में शिक्षा के प्रति उत्साह हमेशा बने रहना चाहिए। सफल होने के लिए अपनी पूरी क्षमता क़ो सही दिशा में लगाएं। निष्ठा और लगन के साथ मेहनत करें। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष जिले में 10वीं और 12वी का उत्कृष्ट परिणाम रहा जिसमें 5 छात्रों ने प्रावीण्य सूची में स्थान बनाया। भले ही माता पिता बच्चों का पालन पोषण व जरूरतों क़ो पूरा करते है लेकिन सही दिशा, दशा और व्यक्तित्व का निर्माण स्कूल में ही होता है। भविष्य संवारने के लिए वर्तमान में मेहनत करना जरुरी है।

सभी बच्चें खूब मन लगाकर पूरी मेहनत से पढ़ाई करें, अपने सपनों को पूरा करें और जीवन में सफलता अर्जित करते हुए विकसित भारत-विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण यात्रा के सहभागी बनें।
इस अवसर पर सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष शिव रतन शर्मा , जिला भाजपा अध्यक्ष आनंद यादव , नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन सहित जिला प्रशासन के अधिकारी, शिक्षकगण एवं अभिभावकगण उपस्थित रहे।

