PAK के कायराना हमलों का मुंहतोड़ जवाब दे रहा भारत

सीमा पार से पाकिस्तान की ओर से एक बार फिर सीजफायर उल्लंघन की ताजा घटनाएं सामने आई हैं. शुक्रवार शाम को जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में सीमा पार से गोलाबारी की गई है. जानकारी के मुताबिक पाकिस्तान की तरफ से उरी सेक्टर में भारी गोलाबारी शुरू हुई, जिससे सीमावर्ती इलाकों में दहशत का माहौल बन गया है. इसके बाद पाकिस्तान ने पुंछ और कुपवाड़ा सेक्टर में भी सीमा पार से गोलाबारी की. सीमा पार से मोर्टार दागे गए हैं. नौगाम हंदवाड़ा सेक्टर में भी पाकिस्तान की तरफ से गोलाबारी की गई.
इस समय देशभर में सात से अधिक संवेदनशील स्थानों पर सैन्य हलचल तेज़ हो गई है. सांबा, जम्मू और पठानकोट में ड्रोन गतिविधियों के साथ शेलिंग और ब्लैकआउट की खबरें हैं. उत्तर कश्मीर के कुपवाड़ा, उरी, नॉवगाम-हंडवाड़ा सेक्टर और पुंछ में एलओसी के पास भारी गोलाबारी जारी है. सुरक्षा बल पूरी सतर्कता के साथ हर मोर्चे पर जवाबी कार्रवाई में जुटे हुए हैं.
जम्मू, सांबा और पठानकोट में भी ड्रोन देखे जाने की पुष्टि हुई है. सुरक्षा बल इन ड्रोन गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई कर इन्हें निष्क्रिय कर दिया गया. पूरे इलाके में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है.
-पाकिस्तान की तरफ से हुए ड्रोन अटैक का वीडियो में भी सामने आया है. इसमें साफ नजर आ रहा है कि रात के अंधेरे में आसमान में एक संदिग्ध ड्रोन तेज़ी से उड़ता नज़र आता है. सुरक्षा बलों की ओर से तुरंत जवाबी कार्रवाई की जाती है और एक इंटरसेप्टर मिसाइल हवा में छोड़ी जाती है. विस्फोट की रोशनी और हल्का धमाका दूर से साफ़ सुनाई देता है, जिससे ड्रोन को निष्क्रिय कर दिया जाता है. घटना के बाद पूरे इलाके में अलर्ट जारी कर दिया गया है और सेना ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है.
-जम्मू और राजस्थान के पोखरण में संदिग्ध ड्रोन की घुसपैठ को भारतीय सुरक्षा बलों ने सफलतापूर्वक नाकाम किया. हाई अलर्ट के बीच ड्रोन को इंटरसेप्ट कर निष्क्रिय कर दिया गया, जिससे संभावित खतरे को टाल दिया गया.
-सांबा में रात के अंधेरे में आसमान पर हलचल के दृश्य देर से सामने आए, जहां सायरनों की आवाज़ें और दूर से सुनाई देने वाले हल्के धमाके माहौल को तनावपूर्ण बना रहे थे. सुरक्षा एजेंसियां हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखे हुए हैं.

जम्मू एयरपोर्ट पर बजा सायरन

जम्मू एयरपोर्ट के सायरन बजने के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में दुकानें बंद कर लीं और सुरक्षित स्थानों की ओर रवाना हो गए. राजौरी जिले में सभी दुकानों को एहतियातन बंद कर दिया गया है. लोगों को घरों में ही रहने की सलाह दी गई है. सैन्य सूत्रों के मुताबिक, दो आर्टी शेल पुंछ में गिरने की खबर मिली है. हालांकि अब तक किसी प्रकार के जानमाल के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है.

जानकारी के मुताबिक पुंछ सेक्टर में स्थिति और भी तनावपूर्ण हो गई जब पाकिस्तान सेना द्वारा 10 से 12 राउंड की भारी गोलाबारी की गई. दो आर्टिलरी शेल LoC के पास गिरने की भी पुष्टि हुई है. हालांकि अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है. लगातार हो रही गोलाबारी को देखते हुए सेना और सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है. सीमावर्ती गांवों में बंकर तैयार रखे गए हैं और लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *