सरहदी गांवों के किसानों को BSF का आदेश, दो दिन में फसल काट खेत खाली करो
चंडीगढ़. पहलगाम हमले के बाद पंजाब से लगते भारत-पाक बॉर्डर पर अलर्ट जारी है और बीएसएफ ने सुरक्षा व निगरानी कड़ी कर दी है। पंजाब के अमृतसर, फिरोजपुर, गुरदासपुर, पठानकोट जिले पाकिस्तानी सीमा से लगते हैं। भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के बीच बीएसएफ ने पंजाब के सीमावर्ती किसानों के लिए आदेश जारी किए हैं कि वे तारबंदी के पार बोई गई गेहूं की फसल को दो दिनों के भीतर काट लें और खेत खाली कर दें। इससे अंदेशा जताया जा रहा है कि क्या आने वाले दिनों में कुछ बड़ा होने जा रहा है। गुरुद्वारों से भी अनाउंसमेंट करवाई गई है और किसानों को सूचित किया गया है कि अगर निर्धारित समय में फसल नहीं काटी गई तो गेट पूरी तरह बंद कर दिए जाएंगे इसलिए किसानों को 48 घंटे के भीतर अपनी फसल काटकर सुरक्षित कर लें। बीएसएफ की तरफ से ये आदेश मिलने के बाद किसानों ने इसके लिए काम करना भी शुरू कर दिया है। किसान कंबाइन लेकर जल्द कटाई में जुट गए हैं।
बॉर्डर पर हलचल होते ही गोली मार दिए जाने के आदेश
पंजाब के पठानकोट से लेकर फाजिल्का तक 553 किलोमीटर लंबी सीमा पर सेना की गतिविधियां अचानक बढ़ गई हैं। बीएसएफ के जवानों की ओर से बॉर्डर के साथ-साथ लगते गांव में गश्त बढ़ा दी गई है। साथ ही घोषणा भी करवाई जा रही है कि गांव वालों को किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलती है तो तुरंत पुलिस और बीएसएफ के जवानों को बताया जाए। गांव के लोगों को भी पूरी तरह से अलर्ट रहने की अपील की गई है। बीएसएफ ने अपनी क्विक रिएक्शन टीमों को सक्रिय कर दिया है। बॉर्डर पर किसी भी तरह की हलचल मिलने पर तुरंत गोली मार दिए जाने के आदेश जारी हुए हैं।

