श्री हनुमान सेवा दल ने हनुमान जन्मोत्सव पर किया 2051 सुंदरकांड पुस्तिकाओं का वितरण

रायपुर। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के परम भक्त, संकटमोचन हनुमान जी की जयंती चैत्र मास की पूर्णिमा के दिन पूरे देशभर में श्रद्धा और आस्था के साथ मनाई जाती है। हनुमान जी की अतुलनीय सेवा, बल, बुद्धि और भक्ति के प्रतीक स्वरूप इस दिन को विशेष रूप से उनके स्मरण और पूजन के लिए समर्पित किया जाता है।
हनुमान जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर रायपुर स्थित श्री हनुमान सेवा दल द्वारा एक विशेष आयोजन किया गया, जिसमें राजीव गांधी चौक पर श्रद्धालुओं को 2051 सुंदरकांड पुस्तिकाओं का नि:शुल्क वितरण किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला और कार्यक्रम में भारी संख्या में लोगों ने सहभागिता की।
श्री हनुमान सेवा दल के अध्यक्ष पंकज मिश्रा और महामंत्री प्रशांत दुबे ने बताया कि सुंदरकांड रामचरितमानस का अत्यंत महत्वपूर्ण भाग है, जिसमें भगवान हनुमान जी की वीरता, भक्ति और बुद्धिमत्ता का अद्भुत चित्रण है। इसका नियमित पाठ करने से जीवन में आने वाली कठिनाइयों से मुक्ति मिलती है, मानसिक शक्ति और आत्मविश्वास की वृद्धि होती है। सुंदरकांड का पाठ श्रद्धालुओं को सकारात्मक ऊर्जा और जीवन में प्रेरणा प्रदान करता है।
इस आयोजन का उद्देश्य लोगों में धार्मिक चेतना जागृत करना और आध्यात्मिक पुस्तकों के माध्यम से भगवान श्रीराम और हनुमान जी के प्रति भक्ति को प्रोत्साहित करना था। पुस्तिका वितरण कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री हनुमान सेवा दल के समस्त सदस्यों ने सक्रिय योगदान दिया।

इस विशेष कार्यक्रम में पंकज मिश्रा, प्रशांत दुबे, अमित शर्मा, कुणाल दुबे, आकर्ष शुक्ला, पंकज ठाकुर, वैभव मुंजेवार, संतोष राव, ओमप्रकाश यादव, विनायक तिवारी, संजू ठाकुर, नरेश नवानी, प्रदीप पांडेय, पारस धीवर सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे, जिन्होंने न केवल वितरण कार्य को सुचारू रूप से संपन्न किया बल्कि जनमानस में सेवा और भक्ति की भावना भी जागृत की।

श्री हनुमान सेवा दल द्वारा किए गए इस धार्मिक व सामाजिक कार्य की चारों ओर सराहना हो रही है। संगठन का उद्देश्य भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से समाज सेवा और धार्मिक मूल्यों के प्रचार-प्रसार को जारी रखना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *