वाहन चोर पकड़ाया,चार बाईक बरामद

रायपुर। राजधानी के थाना तेलीबांधा क्षेत्र से दोपहिया वाहन चोरी करने वाले चोर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है तथा उसके पास से चोरी की चार मोटरसायकल जब्त किया है। मामले में आरोपी के विरूद्ध धारा 303(2) बी.एन.एस के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं को देखते हुये पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह द्वारा रायपुर जिले के समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों सहित प्रभारी एण्टी क्राईम एवं सायबर यूनिट को वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने एवं अज्ञात आरोपियों की पतासाजी कर आरोपियों को पकडऩे हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये है। इसके साथ ही एण्टी क्राईम एवं सायबर यूनिट की एक विशेष टीम का गठन कर वाहन चोरी के अज्ञात आरोपियों की पतासाजी कर पकडऩे हेतु भी लगाया गया है। जिस पर एण्टी क्राईम एवं सायबर यूनिट की विशेष टीम द्वारा वाहन चोरी के अज्ञात आरोपियों की पतासाजी के संबंध में मुखबीर लगाकर, पेट्रोलिंग व सूचना संकलन करने के साथ ही अन्य माध्यमों से भी इस संबंध में सूचना एकत्र कर वाहन चोरी के अज्ञात आरोपियों की पतासाजी कर पकडऩे के प्रयास किये जा रहे है। इसी तारतम्य में दिनांक 02.04.25 को एण्टी क्राईम एण्ड सायबर यूनिट की विशेष टीम को सूचना प्राप्त हुई कि थाना तेलीबांधा क्षेत्रांतर्गत व्ही.आई.पी. चौक राम मंदिर पास एक व्यक्ति अपने पास दोपहिया वाहन रखा है तथा बिक्री करने की फिराक में ग्राहक की तलाश कर रहा है। जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एवं सायबर यूनिट तथा थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा उक्त स्थान पर जाकर मुखबीर द्वारा बताये हुलिये के व्यक्ति एवं वाहन की पतासाजी करते हुए व्यक्ति को चिन्हांकित कर पकड़ा गया। पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम डिगेश्वर साहू निवासी तेलीबांधा रायपुर का होना बताया। टीम के सदस्यों द्वारा उसके पास रखें मोटर सायकल के कागजात के संबंध में पूछताछ करने पर उसके द्वारा गोल-मोल जवाब देकर लगातार टीम को गुमराह करने का प्रयास करते हुए वाहन के संबंध में किसी प्रकार का कोई भी कागजात या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा कड़ाई से पूछताछ करने पर उसके द्वारा मोटर सायकल को थाना तेलीबांधा क्षेत्रांतर्गत लाभाण्डी स्थित शराब दुकान के पास से चोरी करना बताया गया। चोरी की अन्य वाहनों के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपी द्वारा अन्य 03 नग मोटर सायकल को भी तेलीबांधा लाभाण्डी स्थित शराब दुकान के पास से चोरी करना बताया गया। जिस पर आरोपी डिगेश्वर साहू को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की 04 नग मोटर सायकल जुमला कीमत लगभग 1,50,000 रूपये जप्त कर आरोपी के विरूद्ध कार्यवाही किया गया। आरोपी से जप्त चोरी की मोटर सायकल क्रमांक सी जी 04 एम 6881 में थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 653/24 धारा 303(2) बी.एन.एस., मोटर सायकल क्रमांक सी जी 04 एम एफ 7798 में थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 178/25 धारा 303(2) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध है। इसके साथ ही आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटर सायकल क्रमांक सी जी 04 एल टी 9021 तथा मोटर सायकल क्रमांक सी जी 05 ए बी 8488 जप्त किया गया है। आरोपी पूर्व में भी वर्ष 2018 में वाहन चोरी के प्रकरण में थाना पंडरी रायपुर से जेल निरूद्ध रह चुका है।
000

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *