बजरंग दल ने किया जमकर विरोध, मोटर सायकलों, कारों व घर में भारी तोडफ़ोड़,बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात
रायपुर,9 मार्च। राजधानी में धर्मांतरण के आरोप में टाटीबंध में बवाल हुआ है। बजरंग दल का आरोप है कि एक घर में करीब 200 से ज्यादा लोग इक_े थे। जिनका धर्मांतरण कराया जा रहा था। इसकी सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। उन्होंने विरोध जताया। आमानाका पुलिस को हंगामे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच कर विवाद को शांत करवाया गया।
बताया जाता है कि चर्चनुमा इस मकान में महीनों से ईसाई धर्म से संबंधित गतिविधियां चल रही थी। खास तौर पर रविवार को रायपुर के अलावा अन्य क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग यहां आते रहे हैं।
यह पूरा मामला आमानाका थाना इलाके के टाटीबंध स्थित अनुकम्पा नगर का है। इस मामले में बजरंग दल के जिला अध्यक्ष योगेश सैनी ने बताया कि आसपास के गांव वालों ने हमें धर्मांतरण की शिकायत दी। उनके परिवार के कई सदस्यों का धर्मांतरण करवाया गया है। जिसके बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में पहुंचे। टाटीबंध के पास एक घर के भीतर करीब 200 से ज्यादा लोग मौजूद थे। आगे उन्होंने बताया कि कार्यकर्ताओं ने घर को घेर लिया। भीतर में धर्मांतरण चल रहा था। हंगामा के दौरान घर के भीतर जमकर तोडफ़ोड़ भी हुई है। इस हंगामें की सूचना मिलते ही मौके पर आमानाका पुलिस समेत भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया। पुलिस ने बीच बचाव कर हंगामा को शांत कराया। हंगामा के दौरान घर के भीतर जमकर तोडफ़ोड़ भी हुई है।
मकान के बाहर खड़ी मोटर सायकलों व कारों में तथा मकान के अंदर कुर्सियों में तोडफ़ोड़ की गई है। बताया यह भी जाता है कि इस चर्चनुमा मकान के बाजू में पादरी का निवास है। मकान के सामने खाली स्थान पर हिन्दू संगठनों ने मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन किया हुआ है। पिछले कुछ दिनों से पादरी यह धमकी दे रहा था कि मैं मांसाहारी हूं, मांस खाकर हड्डियां मंदिर वाली जमीन पर फेकूंगा,तुम लोगों को जो करना है कर लो। इस बात को लेकर भी बजरंग दल के कार्यकर्ताओं में गुस्सा था।
इस मामले में बजरंग दल की मांग है कि धर्मांतरण करने वाले दोषियों के खिलाफ सख्त एक्शन किया जाएं। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले की जांच कर रही हैं। ज्ञात हो कि राजधानी के कई इलाकों में ईसाई संगठनों की धर्मसभा होने व धर्मांतरण होने की शिकायतें मिलती रही है।

