युवक की हत्या कर शव को बक्से में भरकर बांध में फेंका

भोपाल। राजधानी भोपाल के कमला नगर में रहने वाले एक युवक की हत्या कर उसके शव को बक्से में भरकर डैम में फेंकने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घटना के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने चार दिन बाद सीहोर जिले के बिलकिसगंज क्षेत्र में बने स्टॉप डैम से शव सहित बक्सा बरामद कर लिया है. उधर, मृतक के परिजनों ने शुक्रवार सुबह कमला नगर थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया| परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है. एहतियात के तौर पर अतिरिक्त बल तैनात किया गया है. जानकारी के मुताबिक, क्षेत्र में रहने वाला अर्जुन यादव उर्फ ​​लालू नाम का युवक 19 मई को घर से निकला था. उसे कैफे चलाने वाले युवक ने मिलने के लिए बुलाया था.

इसके बाद से लालू घर नहीं लौटा. काफी तलाश के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस ने संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने लालू की हत्या कर शव को बक्से में भरकर डैम में फेंकने की बात कबूल कर ली| जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्धों द्वारा बताए गए स्थान पर दबिश दी, लेकिन लालू का पता नहीं चल सका। गुरुवार रात बिलकिसगंज थाना क्षेत्र के ग्राम वीरपुर के स्टॉप डैम से उक्त बक्सा बरामद किया गया, जिसके अंदर लालू का शव मिला। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *